जबलपुर । रीजनल टीम। विंध्य में बाढ़ से हालात बेकाबू हो गए हैं। विंध्य के रीवा, सतना, सिंगरौली, सीधी और उमरिया जिले में बारिश कहर बरपा रही है। रीवा जिले के त्योंथर के 18 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। 72 गांवों का संपर्क कट गया है। जनेह थाना पानी से घिर गया है। त्योंथर के डीह गांव में कच्चा मकान गिरने से नाथू केवट (60) की मौत हो गई।
रीवा जिले के 18 मार्ग बंद हो गए हैं। करीब 400 से ज्यादा कच्चे मकान जमींदोज हो गए हैं। टमस, बेलन, महाना, बिछिया और बीहर नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। कुटु बीनने जा रहे थे रीवा जिले के चंदिया थाना क्षेत्र के ताली के रमोली नाला में शुक्रवार दोपहर तीन मासूम सोनू लोनी (11), अभिलाष लोनी (5) और नीलम लोनी (9) बह गए। लगभग 100 मीटर दूर तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें एक बच्ची भी शामिल है। बच्चे नाला पार करके जंगल मे कुटु बीनने जा रहे थे।
सिंगरौली जिले के जियावन थाने के मझिगवां गांव में बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से एक 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। गांव में घुसा पानी सतना जिले के रामनगर के डूब प्रभावित देवरीकला पुरानी बस्ती गांव में लोगों के घर तक पानी पहुंचने के बाद भी ग्रामीण घर नहीं छोड़ रहे हैं। बाणसागर बांध परियोजना के रिकार्ड के अनुसार गांव डूब चुका है। बाढ़ में फंसे लोगों का कहना है कि हमें अभी तक मुआवजा नहीं मिला। जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा गांव खाली नहीं करेंगे। जिला प्रशासन ने हेलिकॉप्टर मंगाया है।
अमरपाटन के मौहट और मगराज में कई मकान की छत पर लोग फंसे हुए हैं। पथरहटा में 6-7 लोग पेड़ पर फंसे हैं। रीवा-गोविन्दगढ़ मार्ग बंद हो गया है। निपानिया-रौसर-तमरा-मुकुंदपुर मार्ग भी बंद हो गए हैं। सतना जिले के अमरपाटन-मौहट में 6 लोग फंसे हैं। मैहर की तमस नदी तूफान में आने पर अमिलिया गांव बाढ़ की चपेट में आ गया है। मैहर के गणेशपुर में भी कई घर पानी में डूब गए हैं।
सतना के माधवगढ़ मजार के पास फंसे लोगों को बचाने के लिए होम गार्ड की रेस्क्यू टीम रवाना हो गई है। अमरपाटन के मगराज गांव में पानी के बीच में फंसा एक परिवार जान बचाने के लिए पेड़ में चढ़ा है। सतना के नागौद में गढ़ी टोला, अखाड़ा घाट, रामना टोला पावर हाउस में पानी भर गया है। मेला गेट पानी से डूब गया है। सतना नदी व टमस नदी खतरे के निशान को पार कर गई है।
मैहर-रीवा रोड टमस नदी का पानी पुल के ऊपर आने से कारण बंद हो गया है। पथरिया और मड़ियादो का टूटा संपर्क दमोह जिले में हटा से बहने वाली सुनार नदी उफान पर आ गई। मड़ियादो का हटा से संपर्क टूट गया। वहीं मड़ियादो से निकलने वाले जोगीडाबर और सतधारा नाला भी उफान पर हो गए।
मड़ियादो-हटा,पटेरा,रनेह,छतरपुर और पन्नाा जिले से संपर्क टूट गया। कोपरा नदी में ऊफा से दमोह – पथरिया मार्ग बंद हो गया।