संयुक्त राष्ट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र (संरा) प्रणाली में सुधार का आह्वान किया है ताकि इसे और प्रभावी बनाया जा सके। प्रधानमंत्री ने कहा है कि विश्व निकाय अभी तक वैश्विक गरीबी उन्मूलन के अपने लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका है।
संरा के आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) को वीडियो से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "20वीं सदी का सबसे अधूरा काम गरीबी उन्मूलन आज भी जहां का तहां है। यह संयुक्त राष्ट्र का सबसे अपूर्ण लक्ष्य है जो अत्यंत महत्वपूर्ण भी है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकासशील देश पर्यावरण और पृथ्वी के अनुकूल तरीका अपनाते हुए गरीबी उन्मूलन की चुनौती से जूझ रहे हैं। हाल ही में संपन्न जलवायु पर पेरिस समझौते का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2030 के लिए एजेंडा स्थायी विकास ने संरा प्रणाली के लिए एक मूल्यवान अवसर प्रदान किया है। इसका लाभ उठाते हुए इसकी भूमिका और उद्देश्य पर नए सिरे से विचार किया जाना चाहिए और इसे और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
संरा ढांचे में ईसीओएसओसी एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभी इसकी 70वीं सालगिरह मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के खास हिस्से के तौर पर इसका गठन किया गया था।