उत्तर भारत में ठंड बढ़ी छह मरे, 25 ट्रेनें रद्द

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत में देर से ही सही मगर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। मैदानों में कोहरे ने रेल और सड़क यातायात पर असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को कोहरे से 25 टे्रनें रद्द की गईं और 20 से अधिक गाड़ियां देर से चलीं। यूपी में ठंड से छह की जान चली गई।

दिल्ली में रविवार को शनिवार के तापमान की तुलना में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.4 डिग्री था। दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को कोहरा रह सकता है। तापमान में भी कमी की संभावना है।

यूपी में गलन भरी ठंड: बर्फीली पश्चिमी हवा चलने से यूपी के ज्यादातर हिस्सों में गलन भरी ठंड पड़ी। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 जनवरी के बीच प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बदली-बारिश के आसार हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम सूखा रहेगा। रविवार को लखनऊ का अधिकतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

उत्तराखंड में बर्फबारी होगी: चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में सोमवार को बर्फबारी हो सकती है। अगले दिन अन्य इलाकों में भी बादल रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में लेह का तापमान माइनस 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

चुरू में 2.5 डिग्री पारा: राजस्थान के चुरू में न्यूनतम पारा 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। नारनौल हरियाणा और पंजाब दोनों में सबसे ठंडा रहा और यहां का तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *