सोमवार को विश्व एड्स दिवस के मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सरकार या गैर सरकारी संगठन अकेले इस चुनौती से सफलतापूर्वक नहीं निपट सकते। नड्डा ने इस मौके पर एचआईवी के मरीजों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1097, एक डिजिटल संसाधन केंद्र और एक आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सामने आना चाहिए और इससे (एचआईवी) लड़ना चाहिए। एचआईवी से ग्रस्त लोगों के साथ बिल्कुल भी भेदभाव नहीं होना चाहिए। यह हमारी प्रतिबद्धता होनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने संयम और ऐहतियात के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को अपनी जीवनशैली पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षात्मक स्वास्थ्य सेवा का महत्व बढ़ गया है जबकि पहले के युग में माना जाता था कि प्रतिजैविक दवाएं (एंटीबायोटिक) हर चीज का इलाज कर सकती हैं।