नई दिल्ली। उत्तर क्षेत्र में
बेमौसमी सब्जियों की खेती के लिए ‘प्राकृतिक ग्लास हाउस’ के तौर पर उभरे
हिमाचल प्रदेश ने 12वीं पंचवर्षीय योजना के अंत तक 15 लाख टन सब्जियों के
उत्पादन का लक्ष्य रखा है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्य ने 70,000 हेक्टेयर क्षेत्र में
बेमौसमी सब्जियों की खेती करने की योजना बनाई है। पहाड़ी राज्य हिमाचल
प्रदेश में सब्जियों की खेती किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
हिमाचल प्रदेश ने पिछले सल 65,000 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल करीब 13.6
लाख टन सब्जियों का उत्पादन किया, जबकि इससे पिछले साल यह 12.68 लाख टन था।
राज्य में बेमौसमी सब्जियों के कुल उत्पादन में मटर, टमाटर और बंदगोभी
का 62 प्रतिशत योगदान है जो करीब 8 लाख टन है। राज्य में प्रमुख रूप से
शिमला, सोलन, मंडी और कांगड़ा में सब्जियों की खेती हो रही है।
(भाषा)