दागी और करोड़पति करेंगे आम जनता का कल्याण- ओमप्रकाश तिवारी

एक अध्ययन में सामने आया है कि इस बार की लोकसभा में हर तीसरा सांसद
दागी है और कुल 543 में से 442 सांसद करोड़पति हैं। करोड़पति सांसदों की
संख्या के मामले में भाजपा अव्वल है। उसके 237 एमपी धनपति हैं। कुल जीते
186 सांसद दागी हैं। 112 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कल्पना करें कि इस बार की संसद में जब सांसद बैठेंगे तो उसका दृश्य कैसा
होगा। हर तरफ दागी सांसद नजर आएंगे। बाकी बचे स्थान को करोड़पति सांसद घेर
लेंगे। उसमें आम जनता का नुमाइंदा कहीं नजर नहीं आएगा। यदि एकाध दिख भी गया
तो कुछ बोल नहीं पाएगा। आम आदमी की बोलती बंद कर दी गई है। इसे बड़े ही
लोकतांत्रिक ढंग से किया गया है। आम आदमी किसी पर इल्जाम भी नहीं लगा सकता।
यदि सवाल उठाएगा तो आरोप उसी पर लगेगा कि उसी के वोटों से तो यह लोग संसद
पहुंचे हैं। कहा जाएगा कि यह आम जनता का चुनाव है। इसीलिए तो लोकतंत्र को
जनता का, जनता द्वारा और जनता के लिए शासन कहा जाता है। अपने घर से लेकर
प्रतिष्ठानों तक में अपने यहां काम करने वालों को उचित वेतन तक नहीं देने
वाले लोग अब उन्हीं के लिए कल्याणकारी नीतियां बनाएंगे।

हर तीसरा सांसद दागी…

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपने ताजा आकलन में दावा
किया है कि 543 सदस्यीय 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए सांसदों में से
तकरीबन हर तीसरा सांसद दागी है। जीते हुए सांसदों के 82 फीसदी के पास एक
करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। सिविल सोसायटी ग्रुप एडीआर का यह
विश्लेषण जीते हुए 543 में से 541 सांसदों के चुनाव आयोग में दिए गए
हलफनामों के आधार पर है। अध्ययन में कहा गया है कि जीते हुए सांसदों में से
34 फीसदी (186 सांसद) के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। जोकि 2009 में इससे कम
यानी 30 फीसदी और 2004 में 24 फीसदी थे।

भाजपा के 98 और कांग्रेस के 8 सांसद दागी…

एडीआर की रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे दागी सांसदों की संख्या सबसे
अधिक भाजपा (35 फीसदी यानी 98 सांसद) में ही है। जिसके 282 उम्मीदवार
लोकसभा पहुंचे हैं। जबकि कांग्रेस के कुल जीते 44 सांसदों में से आठ के
खिलाफ आपराधिक मामले हैं।

442 सांसद करोड़पति हैं…

एडीआर ने अपने आकलन में यह भी पाया कि इस बार के आम चुनाव में हर पांच
में से औसतन चार प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से ज्यादा की
घोषित की है। यानी 541 में से 442 सांसद करोड़पति हैं। जिसमें करोड़पति
सांसदों की संख्या सर्वाधिक 237 भाजपा से, जबकि कांग्रेस से 35 सांसद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *