चट्टान के नीचे दबे दो मजदूर

जागरण संवाददाता, रामपुर बुशहर : रामपुर की कूमसू पंचायत में
निमार्णाधीन चार मेगावाट राजपुरा परियोजना के कार्यस्थल घनोटू (दरशाल) में
मंगलवार सुबह टनल में चट्टान खिसकने दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई
है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को रामपुर (खनेरी)
अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस थाना प्रभारी संगत राम नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह राजपुरा
परियोजना की घनोटू (दरशाल) टनल में छह मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे। इस
दौरान एकाएक चट्टान खिसक गई और तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। दो मजदूरों
की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे खनेरी
अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

नेगी ने बताया कि हादसे के समय मोहन सिंह, श्याम सिंह और रंजीत ने भाग
कर अपनी जान बचा ली। खजान सिंह (38) पुत्र शिमोरा सिंह निवासी बरोटीवाला
(पांवटा साहिब) जिला सिरमौर व चतर सिंह (32) पुत्र जोगा सिंह निवासी बसल
जिला चंपावत (उत्तराखंड) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम सिंह गंभीर
रूप से घायल है। मजदूरों के शवों को मलबे से निकाल कर खनेरी अस्पताल में
पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए
हैं। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की
छानबीन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *