किसानों को मिलेंगे बीजों के डेढ़ लाख मिनीकिट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चालू खरीफ मौसम में किसानों को बीजों के लगभग डेढ़ लाख मिनीकिट दिए जाएंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि चालू खरीफ मौसम में छत्तीसगढ़ के
किसानों को धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन सहित विभिन्न फसलों के उन्नत बीज
उपलब्ध कराने के लिए छोटी-छोटी थैलियों के रूप में तैयार एक लाख चालीस हजार
मिनीकिट का वितरण किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष केन्द्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को एक
लाख चालीस हजार 334 पैकेट मिनीकिट प्राप्त हुए हैं। किसानों को इन
मिनीकीटों से लगभग छह हजार 710 क्विंटल उन्नत बीज खेतों में बोने के लिए
मिला है। किसानों को धान, मक्का, उड़द, अरहर, मूंगफली, मूंग, तिल सहित खरीफ
की अन्य फसलों के उन्नत बीजों के यह मिनीकिट खेतों में बोआई के लिए
नि:शुल्क दिए जाएंगे।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के किसानों को विभिन्न
फसलों जैसे धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंगफली आदि के उन्नत किस्म के
बीजों को बढ़ाने के उद्देश्य से यह मिनीकिट दिए जाते हैं। मिनीकिटों का
आबंटन राज्य सरकारों को केन्द्र सरकार के द्वारा किया जाता है। छत्तीसगढ़
को इस वर्ष खरीफ मौसम के लिए धान के 42 हजार 912, मक्का के 23 हजार 975,
अरहर के 24 हजार 963 सोयाबीन के 31 हजार 87 और अन्य खरीफ फसलों के बीजों के
17 हजार 397 मिनीकिट प्राप्त हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि धान के मिनीकिट से किसानों को दो हजार 146
क्विंटल बीज, मक्का के मिनीकिटों से 479 क्विंटल, अरहर के मिनीकिटों से 928
क्विंटल, सोयाबीन के मिनीकिटों से दो हजार 487 क्िवटल और अन्य फसलों के
बीज मिनीकिटों से 670 क्विंटल उन्नत बीज नि:शुल्क मिले हैं। इन बीजों को
कृषि विभाग के अधिकारियों की देख-रेख में किसानों के खेतों में बोया गया
है। इनसे उत्पादित बीजों को आने वाले वर्षों में खेतों में बोने के लिए
उपयोग किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *