शिमला। प्रदेश में सूर्यदेव नेप्रचंड रूप
दिखाना शुरू कर दिया है। वीरवार को अधिकतम तापमान ने प्रदेश के प्रमुख
हिस्सों में कई साल के रिकार्ड तोड़ दिए। प्रदेशभर में वीरवार को तापमान
तीन से आठ डिग्री सेंटीग्रेड सामान्य से ज्यादा रिकार्ड किया गया। सबसे
अधिकतम तापमान ऊना में 44.8 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया। अधिकतम
तापमान ने मंडी में 32 और शिमला में छह साल का रिकार्ड तोड़ा है, जबकि 22
साल में वीरवार को धर्मशाला में दूसरा सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 32.4 रिकार्ड
किया गया। इससे पहले शिमला में 2004 में 20 मई को अधिकतम तापमान 31.7
डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड दर्ज किया गया था। शिमला में तापमान सामान्य से
8.3 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया। मंडी में अधिकतम तापमान ने पिछले
32 साल का रिकार्ड तोड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मई, 1978 में यहां 42.1 डिग्री सेंटीग्रेड
रिकार्ड किया गया था, जबकि वीरवार को 32 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए तापमान
42.2 डिग्री सेंटीग्रेड था। यहां तापमान सामान्य से 7.0 डिग्री सेंटीग्रेड
ऊपर रहा। धर्मशाला में वीरवार को 22 साल में दूसरा सबसे गर्म दिन रिकार्ड
किया गया। 31 मई, 1988 को यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेंटीग्रेड रहा
था, वीरवार को यह अधिकतम तापमान ने रिकार्ड तोड़ते हुए 38.2 डिग्री
सेंटीग्रेड तक जा पहुंचा। यहां सामान्य से 6.7 अधिक तापमान रिकार्ड किया
गया।
यूं तो सूर्यदेव ने पहाड़ी राज्यों में अपने तेवर अप्रैल में ही दिखाने
शुरू कर दिए थे, लेकिन समय-समय पर हुई बारिश के कारण तापमान कुछ कम देखने
को मिला। पिछले एक सप्ताह से सूर्य देव ने अपने तेवर कुछ ज्यादा ही दिखाने
शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य तापमान
तीन से 8 डिग्री ऊपर रहा। सूर्यदेव ने पिछले एक सप्ताह से मैदान ही नहीं
पहाड़ी क्षेत्रों में भी अपना प्रचंड रूप दिखा रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण
कुछ पेजयल स्रोत सूख गए हैं तो कुछ सूखने के कगार पर पहुंच गए हैं। मौसम
के मिजाज देख किसान-बागवान भी चिंतित हैं। बागवानों का कहना है कि यदि
मौसम का यही तेवर रहे थे आने वाले दिनों में सेब के फलों की ड्रापिंग शुरू
हो सकती है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल में
पहुंच चुका है।
कहां कितना रहा तापमान
क्षेत्र न्यूनतम अधिकतम सामान्य से अधिक तापमान
शिमला 21.2 32.4 8.3
सुंदरनगर 19.6 41.3 7.0
भुंतर 15.2 38.6 8.0
कल्पा 10.2 25.0 4.0
धर्मशाला 22.5 38.2 6.7
ऊना 18.8 44.8 7.0
मंडी 21.5 42.2 7.0
नाहन 27.2 – 3.0
केलंग 9.2 – –
सोलन 17.8 – –