ग्राम सुराज अभियान में चार लाख किसानों को बोनस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्राम सुराज अभियान के दौरान राज्य के लगभग चार लाख किसानों को 103 करोड़ रुपए के बोनस दिए गए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि खेती-किसानी पर विशेष रूप से
केन्द्रित इस वर्ष के राज्य-व्यापी ग्राम सुराज अभियान में छत्तीसगढ़ के
तीन लाख 69 हजार किसानों को धान के राज्य बोनस के रूप में 102 करोड़ 65 लाख
रुपए का भुगतान किया गया है। यह राशि अभियान के दौरान इस महीने की 12
तारीख से 24 तारीख तक राज्य भर में एक हजार 412 स्थानों पर आयोजित किसान
सम्मेलनों में वितरित की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान में किन्हीं कारणों से बोनस प्राप्त
नहीं कर सके किसानों को राज्य बोनस की बकाया राशि अगले माह की 15 तारीख तक
अनिवार्य रूप से वितरित कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2009-10 में राज्य के आठ लाख से
अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर सहकारी समितियों के उपार्जन केन्द्रों
में 44 लाख 23 हजार मीट्रीक टन धान की खरीदी की गई है। इसकी कीमत के रूप
में उन्हें चार हजार 473 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। इसके अलावा
उन्हें 50 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बोनस राशि देने का निर्णय लिया गया
था। इसके लिए राज्य के चालू वित्तीय वर्ष 2010-11 के बजट में 221 करोड़
रुपए से अधिक राशि की व्यवस्था की गई है।

राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के
मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने बताया कि ग्राम सुराज अभियान के दौरान राज्य भर
में एक हजार 412 स्थानों पर किसान सम्मेलनों का आयोजन किया गया था जहां
किसानों को धान खरीद का बोनस प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *