ग्रेटर नोएडा, संवाददाता : दादरी कोतवाली
क्षेत्र के गांव घोड़ी बछेड़ा में मंगलवार रात ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर
पथराव किया और गोलियां चलाई। लगभग एक घंटे तक ग्रामीणों और पुलिस के बीच
टकराव चलता रहा। पुलिस को भाग कर जान बचानी पड़ी। पथराव में युवक समेत तीन
पुलिस कर्मी घायल हो गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने एक बसपा नेता के घर पर
पथराव किया था। पुलिस बसपा नेता पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने गई
थी। इसी पर बवाल हो गया। देर रात तक गांव में तनाव बना हुआ था। आसपास के
सभी थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई है।
गांव घोड़ी बछेड़ा निवासी बसपा नेता मेहंदी हसन के भांजे पर लगभग एक माह
पहलेगांव की एक लड़की को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगा था। इसे
लेकर गांव में पंचायत हुई। इसमें बसपा नेता को भी लड़की भगाने में सहयोग
करने का दोषी माना गया। इसी को लेकर बसपा नेता की ग्रामीणों से कहासुनी हो
गई थी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने उसके घर पर पथराव कर दिया। बसपा नेता ने
दादरी कोतवाली में केस दर्ज करा दिया। मंगलवार रात दादरी पुलिस बसपा नेता
के घर पर पथराव के आरोपियों को गिरफ्तार करने गांव पहुंची। पुलिस एक युवक
को गिरफ्तार कर ले जा रही थी तभी ग्रामीणों ने पुलिस का घेराव किया और
युवक को छुड़ा लिया। युवक को छुड़ाने के दौरान पुलिस व ग्रामीणों में
हाथापाई हुई। पुलिस ने जब बल प्रयोग करने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने
पथराव शुरू कर दिया। पथराव होते ही पुलिस कर्मियों में भगदड़ मच गई।
ग्रामीणों को रोकने के लिए पुलिस को हवा में फायरिंग करनी पड़ी। इसी दौरान
दूसरी तरफ से ग्रामीणों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों की तरफ से
गोली चलते ही पुलिस भाग खड़ी हुई। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने बसपा
नेता का घर घेर लिया और फिर से पथराव शुरू कर दिया। इससे गांव में भगदड़ मच
गई। पथराव में एक युवक समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। पथराव व गोली
चलने की सूचना मिलते ही एसपी देहात सुरेंद्र कुमार वर्मा व पुलिस
क्षेत्राधिकारी राहुल कुमार टीम के साथ गांव पहुंचे। सीओ राहुल कुमार का
कहना है कि ग्रामीणों की तरफ से पथराव व गोली चलाई गई। कानून हाथ में लेने
वालों को बख्शा नहीं जाएगा।