गुड़गाव। गुड़गाव-मानेसर औद्योगिक इलाके में आज करीब 60 आटो मोबाइल कंपनियों के एक लाख मजदूर हड़ताल पर हैं। रिको कंपनी में एक मजदूर की मौत के विरोध में मजदूरों ने यह महा हड़ताल बुलाई है।
इस बीच, मजदूरों और पुलिस के बीच जमकर झड़प होने की खबर है। पुलिस हड़ताली कर्मचारियों को गिरफ्तार करने आई थी।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया। भड़के मजदूरों ने रिको कंपनी परिसर के बाहर भी प्रदर्शन किया है।
रिको कंपनी ने अपने 16 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। इसी के विरोध में जारी धरना प्रदर्शन के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई, जिसके विरोध में कंपनी के कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
उधर, हड़तालियों को गुड़गाव की अन्य कंपनियों के मजदूरों ने समर्थन देने का फैसला किया है। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन की अगुवाई में कई नामी कंपनियों के करीब एक लाख कर्मचारी हड़ताल का समर्थन कर रहे हैं। हड़ताल से कंपनियों का काम ठप हो गया है।
हड़ताली कर्मचारी अपने निष्कासित साथियों की बहाली और वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वे मृतक मजदूर के परिवार को मुआवजे और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की माग कर रहे हैं।