सतना। प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में अब होने वाली छात्र उपस्थिति का स्वरूप बदलेगा। अब बच्चे उपस्थिति के समय यस सर की बजाए जय हिन्द बोलते नजर आएंगे। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर से सतना जिले में लागू होगी। इसके ठी एक माह बाद 1 नवंबर से यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगी।
यह घोषणा अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान चित्रकूट से मंगलवार को वापस सतना पहुंचे प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने की। उन्होंने कहा कि सतना जिले से एक बड़ी योजना का शुभारंभ होने जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के मामले में कांग्रेस का भी अहम रोल है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह व सभी विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युक्ति-युक्तिकरण के मामलों में उन्होंने साथ दिया है।
बेबाकी से टिप्पणी करते हुए श्री शाह ने बच्चों के साथ हो रही घटनाओं पर कहा कि स्कूल वाहनों में महिला परिचालक रखना अनिवार्य किया जाएगा। यह निर्णय भी जल्द लिया जाएगा। राजनीतिक प्रश्न पर श्री शाह ने कहा कि वह उप चुनाव के लिए नहीं बल्कि सरकारी कार्यक्रम के तहत चित्रकूट आए थे।