धमतरी में कर्ज से परेशान एक और किसान ने की खुदकुशी

धमतरी/रायपुर। धमतरी में कर्ज से दबे एक और किसान चंद्रहास साहू ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का दावा है कि उस पर एक लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज था, जिससे परेशान होकर खुदकुशी की है। प्रदेश में अकेले जून महीने में अब तक नौ किसान जान दे चुके हैं। छत्तीसगढ़ किसान-मजदूर महासंघ के मुताबिक यह संख्या 10 जा पहुंची है।

 

इधर रायपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा कह रहे हैं कि आत्महत्या रोकना अकेले सरकार की नहीं, समाज की भी जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दे रही है। जहां किसान महाजनों से जो कर्ज ले लेते हैं, वहां सरकार लाचार हो जाती है। उन्होंने किसानों को नसीहत दी कि गरीबी से जूझना है, न कि आत्महत्या करना। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू नहीं करने, धान का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाने पर बोले- स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों से ज्यादा भाजपा सरकार किसानों को दे रही है।

 

 

चंद्रहास के परिजन बोले- एक लाख से ज्यादा था कर्ज

धमतरी में कुरुद ब्लॉक के बगदेही में सोमवार सुबह कर्ज से परेशान चंद्रहास (40) ने आत्महत्या कर ली। उनकी 5 बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। कुरुद पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट है। ग्रामीणों के मुताबिक चंद्रहास सोमवार सुबह 8 बजे होटल में चाय पीने के बाद खेत गया। कुछ देर बाद उसका शव पेड़ से फांसी पर लटका मिला।

 

 

चाचा रविकुमार साहू का कहना है कि एक लाख रुपए से ज्यादा कर्ज था। कुछ दिन पहले चंद्रहास करीब 30 हजार रुपए मांग रहा था। वह ढाई एकड़ का काश्तकार था। खेती से रोजी-रोटी नहीं चलने के कारण वह हमाली भी करता था। पत्नी लक्ष्मी बाई व माता रामबाई समेत कुल सात सदस्यों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उस पर थी।

 

 

कुरुद एसडीएम प्रेमकुमार पटेल ने बताया कि किसान की खुदकुशी के कारणों की जांच जारी है। श्रद्धांजलि योजना में 2 हजार, मंत्री अजय चंद्राकर की तरफ से नपं कुरुद अध्यक्ष ने 10 हजार और शासन की ओर से 10 हजार, कुल 22 हजार रुपए मृतक के परिवार को दिए गए हैं।

 

 

जून की घटनाएं

तारीख – स्थान – किसान का नाम – परिजन का पक्ष – प्रशासन का दावा

12 जून – पंचशील नगर दुर्ग – कुलेश्वर प्रसाद – कर्ज – कर्ज वजह नहीं

16 जून – खैरागढ़ ब्लॉक ग्राम गोपालपुर – भूषण गायकवाड़ – कर्ज – पारिवारिक विवाद

18 जून – वीरेंद्र नगर कवर्धा – रामझूल साहू – कर्ज – कर्ज जैसी बात नहीं

22 जून- ब्लॉक बागबाहरा ग्राम मोखा – मंथीर सिंह ध्रुव – कर्ज – इनकार

22 जून – ग्राम अंडी, कांकेर – ज्ञानीराम – कर्ज – कोई अन्य कारण

24 जून – ब्लॉक बागबाहरा ग्राम जामगांव – हीराधर केंवट – बिजली का भारी बिल व कर्ज – इंकार

25 जून – बरसन टोला, राजनांदगांव – कुंवरसिंह निषाद, कर्ज – पारिवारिक विवाद

25 जून – बुंदेलीकला, घुमका, राजनांदगांव- डेरहा, कर्ज-इनकार

26 जून – कुरुद ब्लॉक के ग्राम बगदेही – चंद्रहास साहू – कर्ज – जांच करेंगे

29 मार्च- ब्लॉक धरमजयगढ़ ग्राम बायसी कॉलोनी, साधन मंडल कर्ज किसान नहीं मां के नाम पर कर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *