मानवता शर्मसार, बाइक पर बांध 22 km तक ले जाना पड़ा पिता का शव

छत्तीसगढ़ में मानवता एक बार फिर शर्मसार हुई है। सरगुजा संभाग के बाद अब बस्तर संभाग के कांकेर में एक बेटे को अपने पिता का शव मोटरसाइकिल पर बांधकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाना पड़ा। शव ले जाने के लिए किसी अन्य वाहन की व्यवस्था नहीं हो पायी। उसके पिता महादेव मंडल ने फांसी लगा ली थी।


बताया जा रहा है कि गांव पीवी 106 के रहने वाले 78 साल के महादेव का शव शनिवार को अपने घर में ही फांसी पर लटकता मिला था। उसके बेटे अमल ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदे हेल्थ सेंटर लेकर पहुंचो, वे भी वहीं पहुंचते हैं।


अमल ने शव ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था करने की काफी कोशिश की लेकिन कोई वाहन नहीं मिला। विवश होकर उसने अंत में पिता के शव को बाइक के पीछे बांधा और करीब 22 किमी की दूरी तय करके बांदे उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचा।


वह जब शव लेकर बांदे पहुंचा तो शाम हो गई थी, जिस वजह से शनिवार को पोस्टमार्टम नहीं हुआ। रविवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद गांव वापस ले जाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने शव वाहन की व्यवस्था की।


बांदे उपस्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक गौतम व्यापारी का कहना है, "अमल ने अपने पिता के शव को कैसे अस्पताल तक लाया, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव वाहन की व्यवस्था की।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *