दिन में शपथ, रात तक बूचड़खाने बंद : अमित शाह

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में हमारे मुख्यमंत्री के दिन में शपथ लेने के बाद रात तक सारे यांत्रिक बूचड़खाने बंद कर दिए जाएंगे। बोले, न बांस रहेगा और न बजेगी बांसुरी।

 

गोवंशीय पशु चोरी होने बंद हो जाएंगे। सपा-कांग्रेस गठबंधन भी उनके निशाने पर रहा। बोले, यह गठबंधन अपवित्र है। सरकार बनने के सात दिन के अंदर भूमाफियाओं को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे।

 

बोले, इंटरव्यू खत्म करेंगे फिर नौकरी में कोई रुपया नहीं मांग सकेगा। मेरिट के आधार पर नियुक्ति-पत्र सीधे घरों पर पहुंचेंगे। बरेली में चुनावी सभा में संबोधन के दौरान अमित शाह ने युवाओं को जिगर का टुकड़ा बताया।

 

सपा-बसपा पर हमला बोला। कहा, 15 साल से यूपी में सपा-बसपा और बसपा-सपा का खेल चला है। इसे बंद करना होगा। कहीं कोई कब्जा नहीं होगा।

 

युवाओं से आह्वान किया कि यहां से जाने के बाद 30 लोगों को फोन करके संकल्प लेना कि भाजपा को वोट देंगे। सम्भल में अमित शाह ने कहा कि इस समय प्रदेश में दो शाहजादे साथ-साथ घूम रहे हैं। इनमें से एक से मां परेशान है तो दूसरे से पिता और इन दोनों से उत्तर प्रदेश की जनता परेशान है।

 

बोले, अखिलेश ने चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। यदि उन्हें खुद पर भरोसा होता तो कांग्रेस से समझौता नहीं करते।

 

बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि 15 साल में बुआ-भतीजे ने प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है। शाह ने कहा कि 11 फरवरी को जनता ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की नींव डाल दी है। कहा कि अखिलेश आज मोदी से पूछ रहे हैं कि अच्छे दिन कब आएंगे। हम पूछते हैं कि उत्तर प्रदेश में पांच साल से मुख्यमंत्री कौन है?

 

राहुल गांधी के बारे में बोले, राहुल बाबा पूछते हैं कि मोदी जी ने आपने ढाई साल में क्या किया? मैं उनसे कहता हूं कि ये देश की संसद का नहीं, विधानसभा का चुनाव है।

 

इस दौरान उन्होंने तमाम घोटालों का भी हवाला दिया और भाजपा के संकल्प पत्र की घोषणाएं जनता को बताईं। सहारनपुर में जनसभा में कहा कि उप्र में पिछले 15 साल से सपा-बसपा का खेल रहा है।

 

नतीजा, उप्र समस्याओं का दरिया बन गया है। सपा सरकार में तो उप्र में जंगलराज कायम हो गया है। उन्होंने कहा कि दोनों अवसरवादी शहजादे प्रदेश को बर्बाद कर देंगे।

 

उन्होंने कैराना ही नहीं पश्चिम उप्र के पलायन पर सवाल उठाए। कहा कि अगर उप्र में सरकार बनी तो किसी भी स्थान से होने वाले पलायन के लिए वहां के डीएम को जिम्मेदार माना जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *