रायगढ़ में यूरेनियम का भंडार होने की संभावना

रायगढ़, विनय पाण्डेय। राष्ट्रीय भू-भौतिकीय अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की ओर से किए गए हेलीबॉन सर्वे में रायगढ़ के जामगांव, सरिया, सारंगढ़ और ओडिशा से सटे इलाके में बड़ी मात्रा में यूरेनियम होने की जानकारी मिली है। फिलहाल सर्वे के बाद टीम लौट गई है। इसकी रिपोर्ट परमाणु ऊर्जा विभाग को सौंपी जाएगी।

जिले में हीरे के सर्वेक्षण के बाद दिसंबर और जनवरी में राष्ट्रीय भू-भौतिकीय अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की ओर से 61 किलोमीटर के वृत्त में हेलीबॉन सर्वे किया गया। इसमें 250 वर्ग किमी के क्षेत्र में यूरेनियम का भंडारण होने का खुलासा हुआ है। इसके अलावा ओडिशा को भी इसी क्षेत्र में शामिल किया गया है।

इसमें बरगढ़ और सुंदरगढ़ जिले शामिल हैं। यहां के जंगली इलाके में यूरेनियम के भंडार होने की जानकारी मिली है। सर्वे टीम अब अपनी रिपोर्ट परमाणु ऊर्जा विभाग को सौंपेगी। सूत्रों ने यूरेनियम मिलने की पुष्टि की है लेकिन अधिकारिक रूप से बताने को तैयार नहीं हैं।

चार राज्यों में हो रहा सर्वेक्षण

यह सर्वेक्षण पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में एक साथ किया जा रहा है। झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ का यह पूरा क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़ा है जहां यूरेनियम की खोज की जा रही थी। यह सर्वे 17 अप्रैल तक चलेगा।

कैसे होता है सर्वेक्षण

प्रथम चरण में हवाई सर्वे किया जाता है जिसे हेलीबॉन सर्वे कहा जाता है। इसमें हेलिकॉप्टर में मैग्नेटोमीटर के जरिए डाटा संग्रहण किया जाता है। इसके बाद भू-सर्वेक्षण किया जाता है जिसमें सिंटेलोमीटर के जरिए जमीन के नमूने लिए जाते हैं।

परमाणु ऊर्जा संस्थान द्वारा सबसे पहले जमीन की रेडियाधर्मिता का आंकलन कर स्पष्ट किया जाता है कि यहां यूरेनियम का भंडार है या नहीं। रेडियोधर्मिता व भौतिकीय परिस्थितियों के आंकलन के बाद परमाणु ऊर्जा अन्वेषण संस्थान इसमें आगे की कार्रवाई करता है।

क्या है यूरेनियम

यूरेनियम का उपयोग ऊर्जा और परमाणु हथियार में होता है। हालांकि देश में यूरेनियम का उपयोग गैर परंपरागत ऊर्जा के उत्पादन के लिए किया जाता है। देश में परमाणु ऊर्जा विद्युत उत्पादन के पांच केंद्र हैं।

पहले हो चुका है भू-सर्वेक्षण

इससे पहले 2007 में भी यहां यूरेनियम के लिए भू-सर्वेक्षण किया गया था। हालांकि उस समय कहा गया था कि यहां के यूरेनियम का ग्रेड निम्न स्तर का है। इसके बाद 2010 और 2017 में फिर से हवाई सर्वे किया गया।

जिले में हेलीबॉन सर्वे किया गया था। टीम सीधे परमाणु ऊर्जा विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपती है। लिहाजा इसकी जानकारी हमें नहीं है। एस नाग, खनिज अधिकारी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *