नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में डेंगू और चिकनगुनिया का कहर जारी है। बुधवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में चार और एम्स में एक मरीज सहित पांच लोगों की मौत के मामले सामने आए। मरने वालों में तीन उत्तर प्रदेश के नोएडा व मुज्जफरनगर के थे और दो दिल्ली के निवासी थे।
दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में चिकनगुनिया से अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से आठ बुजुर्ग थे। इससे स्पष्ट है कि चिकनगुनिया बुजुर्गों के लिए घातक साबित हो रहा है। उधर दिल्ली नगर निगम ने प्राइवेट, सर्विलांस अस्पतालों को सर्कुलर जारी पर मरीज भर्ती होने के 24 घंटे के अंदर सूचना देने के आदेश दिए हैं।
अब तक 11 मरीजों की मौत
सबसे पहले गंगाराम अस्पताल व हिदू राव अस्पताल में चिकनगुनिया से मरीजों की मौत के मामले सामने आए थे। गंगाराम अस्पताल में चार व हिदू राव अस्पताल में एक मरीज की मौत हुई थी। इसके अलावा अपोलो अस्पताल गाजियाबाद के एक बुजुर्ग मरीज की मौत का मामला सामने आया था।
बुधवार को अस्पताल प्रशासन द्वारा बयान में कहा गया कि अपोलो में चिकनगुनिया से अब तक कुल पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें गाजियाबाद के 80 वर्षीय महेंद्र प्रसाद भी शामिल हैं। इसके अलावा नोएडा की रहने वाली 45 वर्षीय महिला व एक 86 वर्षीय बुजुर्ग (पुरुष) की मौत हुई है।
दिल्ली के रहने वाले दो लोगों की भी मौत हुई, जिसमें एक युवक (31 वर्षीय) व 88 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। उन्हें चिकनगुनिया के अलावा दूसरी बीमारियां भी थीं। बुजुर्गों को किडनी फेल्योर व हृदय की बीमारी थी। इसके चलते वे चिकनगुनिया की बीमारी से उबर नहीं सके। अपोलो में मौत की यह सभी घटनाएं तीन सप्ताह के अंदर हुई हैं।
चिकनगुनिया संग डेंगू के संक्रमण के चलते युवक की मौत
अस्पतालों में कई मरीज ऐसे भी पहुंच रहे हैं, जिन्हें चिकनगुनिया के साथ-साथ डेंगू का भी संक्रमण है। एम्स के डॉक्टर पहले ही कह चुके हैं कि कुछ मरीजों में चिकनगुनिया व डेंगू दोनों के संक्रमण पाए जाए जा रहे हैं।
मृतकों में आठ उत्तर प्रदेश व तीन दिल्ली के
दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में मौत के जो मामले सामने आए हैं, उसमें से आठ उत्तर प्रदेश के हैं। इसके अलावा तीन दिल्ली के हैं।
24 घंटे के अंदर मरीजों की सूचना दे अस्पताल
नईदुनिया के सहयोगी प्रकाशन दैनिक जागरण में मलेरिया और डेंगू के मामलों में निगम द्वारा आंकड़ों की हेराफेरी पर खबर प्रकाशित करने के बाद निगम हरकत में आया है।
नगर निगम ने प्राइवेट, सर्विलांस अस्पतालों को सर्कुलर जारी किया है। सभी अस्पतालों को मरीज भर्ती होने के 24 घंटे के अंदर सूचना देने का आदेश दिया है। साउथ एमसीडी नेता सदन सुभाष आर्या ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कुल मरीजों की संख्या, नए मरीजों की संख्या और मेडिकल रिपोर्ट प्रत्येक 24 घंटे के अंदर निगम को सौंपी जाए।