हरेकृष्ण दुबोलिया, भोपाल। प्रदेश सरकार में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग राज्यमंत्री संजय पाठक देश के अमीर मंत्रियों की फेहरिस्त में पांचवें नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 141 करोड़ रुपए से अधिक (1 अरब, 41 करोड़, 51 लाख, 97 हजार 527 रुपए) है। इसमें 83 करोड़ चल और 58 करोड़ की अचल संपत्ति है। चौंकाने वाली बात ये भी है कि वे देश के दूसरे सबसे बड़े कर्जदार मंत्री भी हैं। पाठक के ऊपर 58 करोड़ से अधिक की देनदारियां हैं।
वहीं संस्कृति मंत्री सुरेंद्र पटवा कर्जदार मंत्रियों में पांचवें नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 38 करोड़ रुपए है, लेकिन 34.5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त देनदारियां भी हैं। ये खुलासे एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट में हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पाठक से ज्यादा संपत्ति आंध्रप्रदेश और कर्नाटक के चार मंत्रियों के पास है।
वैसे देश के सबसे अमीर मंत्री आंध्रप्रदेश के कानून मंत्री पोंगुरू नारायण हैं। तेलगुदेशम पार्टी से जुड़े पोंगुरू के पास 496 करोड़ रुपए की संपत्ति है। एडीआर ने ये रिपोर्ट 29 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 609 मंत्रियों की संपत्ति का अध्ययन करने के बाद जारी की है। इसमें कोई केंद्रीय मंत्री शामिल नहीं हैं।
खनन कारोबारी हैं पाठक
पाठक मूल रूप से खनन कारोबारी हैं। ये विदेशों में आयरन ओर सप्लाई करते हैं। इनका कारोबार इंडोनेशिया, चीन, कोरिया समेत एशिया के करीब 12 देशों में फैला हुआ है।
प्रदेश के 30 में से 26 मंत्री करोड़पति
प्रदेश के 30 मंत्रियों में से 26 करोड़पति (87 फीसदी)हैं। करोड़पति मंत्रियों के मामले में प्रदेश का स्थान देशभर में 10वां है। 30 मंत्रियों में से 3 ने इस साल इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) नहीं भरा है।
महिला मंत्रियों की संख्या में सबसे अव्वल एमपी
महिला मंत्रियों की संख्या में मध्यप्रदेश देश में सबसे अव्वल है। प्रदेश में 5 महिला मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में उनका अनुपात 17 फीसदी है। हालांकि तमिलनाडु में भी 5 महिला मंत्री हैं, लेकिन मंत्रिमंडल के आकार के हिसाब से महिला मंत्रियों का अनुपात 15 फीसदी ही है।
टॉप-5 सबसे अमीर मंत्री
नाम – राज्य – कुल संपत्ति
पोगुरू नारायण – आंध्रप्रदेश – 496 करोड़
डीके शिवकुमार – कर्नाटक – 251 करोड़
संतोष लाड – कर्नाटक – 186 करोड़
चंद्रबाबू नायडू – (सीएम) आंध्रप्रदेश – 177 करोड़
संजय पाठक – मध्यप्रदेश – 141 करोड़
टॉप-5 सबसे कर्जदार मंत्री
नाम – राज्य – कुल संपत्ति
डीके शिवकुमार – कर्नाटक – 105 करोड़
संजय पाठक – मध्यप्रदेश – 58 करोड़
एमआर सीथाराम – कर्नाटक 53 करोड़
प्रमोद माधवराज – कर्नाटक – 44 करोड़
सुरेंद्र पटवा – मध्यप्रदेश – 34 करोड़