सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष अभिलाष तिवारी रविवार को साप्ताहिक बाजार पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सड़क किनारे सब्जी दुकान लगाने वालों के साथ गाली-गलौज शुरू की। फिर एक महिला की दुकान में रखी सब्जियों को लात मारकर हटा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान उनके साथ गनमैन रहने से डरे-सहमे ग्रामीण पसरावाले केवल मिन्न्तें करते रहे, लेकिन नेताजी नहीं माने और यह सब काफी देर तक चलता है। इसके बाद दहशत में ग्रामीण क्षेत्र से आए सभी सब्जी विक्रेता एक-एक कर वहां से चले गए।
यह बात विपक्ष तक भी पहुंचा लेकिन कोई विरोध करने नहीं आया। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की है। बीच-बचाव करने पहुंची आप पार्टी की नेत्री सोनी सोढ़ी ने कहा है कि वह ग्रामीणों की ओर से तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष को दुकान हटवाने कानूनी तरीका अपनाना चाहिए था। सोमवार को मीडिया के लोग जब पीड़ित पक्षों के पास पहुंचे, तो दहशत के चलते वे सामने नहीं आए। परिजनों ने कह दिया कि वे घर पर नहीं हैं।
मुझसे गलती हुई है, मांगता हूं माफी
मामले को लेकर अभिलाष तिवारी ने मीडिया के समक्ष कहा कि वे व्यवस्था सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान उनसे गलती से सब्जियों पर पैर पड़ गए। इसके लिए उन्होंने माफी भी मांग ली है। साथ ही कहा कि यह सब करने के लिए कुछ लोगों ने साजिश के तहत उन्हें उकसाया है, क्योंकि घटना के दौरान वीडियो कैमरा लेकर कुछ लोग तत्काल पहुंच गए थे। उन्होंने तो यहां तक कहा कि आप पार्टी के नेता उनकी हत्या कराने की साजिश भी रच रहे हैं।
वाट्सअप पर दिख रहा गुस्सा
गीदम के दबंग नेता होने से लोग उनके खिलाफ सीधे बोलने से बच रहे हैं लेकिन उनका आक्रोश वाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया में वीडियो क्लिप आने के बाद लगातार चल रहा है। किसी ने इसे गंदी हरकत कहा कि तो किसी ने पार्टी की बदनामी बताते हुए पार्टी प्रमुखों को इसे गंभीरता से लेने की बात कही है।
सत्ता के नशे में चूर भाजपा के लोग गरीबों के साथ हमेशा जुल्म करते हैं। गीदम बाजार में भी नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा किया गया व्यवहार बस्तर के लिए अच्छा संकेत नहीं है। मुख्यमंत्री और भाजपा के अन्य नेताओं को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
-देवती कर्मा, विधायक दंतेवाड़ा
जनप्रतिनिधि द्वारा ऐसा कृत्य अशोभनीय और जन आकांक्षाओं के विपरीत है। उन्हें ऐसा नहीं करनाचाहिए। पार्टी पदाधिकारियों को भी ऐसे लोगों पर नियंत्रण रखने की जरूरत है।
-विमल सुराना, जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस दंतेवाड़ा
प्रदेश संगठन को इसकी जानकारी दी जाएगी और देखा जाएगा कि वीडियो में कितनी सच्चाई है। फिलहाल अभिलाष तिवारी से मेरी बात नहीं हुई है।
-अभिमन्यु सोनी, जिलाध्यक्ष, दंतेवाड़ा भाजपा