बिलासपुर(निप्र)। सुखद सहारा, वृद्धा समेत अन्य पेंशन योजनाओं में गड़बड़ी रोकने हितग्राहियों के बैंक खातों से आधार नंबर लिंक किए जा रहे हैं। अब तक जिले के 3690 हितग्राहियों ने आधार नंबर जमा नहीं किया है। इससे फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है।
शासन ने वृद्धा, सुखद सहारा, विधवा समेत अन्य पेंशन योजना बनाई है। समाज कल्याण विभाग की ओर से जनपद पंचायतों को पेंशन राशि का आवंटन किया जाता है। डिजिटल इंडिया के तहत अब अधिकांश योजनाओं को आधार कार्ड लिंक से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में पेंशनधारियों के बैंक खातों को भी आधार नंबर से लिंक किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के पास जो आंकड़े उपलब्ध है उसके अनुसार जिले में 61 हजार 377 हितग्राही हैं। इनमें से 3690 पेंशनधारी अब तक आधार कार्ड से नहीं जुड़े हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि ये सभी फर्जी हैं जिनके नाम पर सालों से राशि जारी हो रही थी। अब इस पर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है। अगर योजना में फर्जीवाड़ा साबित हुआ तो इसकी जांच कराई जाएगी।