देश भर में गर्मी की मार जारी

देश के विभिन्न क्षेत्रों में पारा 40 के पार होने के कारण लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। हालत यह है कि पश्चिम बंगाल में आज तीसरे चरण के मतदान के दौरान मतदान केन्द्र के बाहर ड्यूटी पर तैनात एक सरकारी कर्मचारी की लू लगने से मौत हो गयी।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हालांकि राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट आयी। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि विक्षोभ के कारण कल संभवत: गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री उपर 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बीपी यादव ने बताया, तापमान में कमी पिछले तीन दिन से बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण है। इसी के कारण मैदानी भागों में तीन दिन से बादल छाए हुए हैं और पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई है।

पूर्वी राज्यों पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में गर्मी का कहर जारी है और लू के कारण लोगों को खासी दिक्कतें आ रही हैं। पश्चिम बंगाल में आज तीसरे चरण के मतदान के दौरान बद्र्धवान जिले के मंगलकोट में मतदान केन्द्र के बाहर लाइन लगवा रहे ब्लॉक स्तर के कर्मचारी की लू लगने से मौत हो गई। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि खुले में घंटों खड़े रहने के कारण रविन्द्रनाथ घोष (40) की लू लगने से मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बद्र्धवान जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है और आसनसोल शहर में दोपहर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

ओडिशा में भी लोगों को गर्मी की भयंकर मार झेलनी पड़ रही है। प्रदेश में तितलागढ़ में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सोनपुर में 46.2, हीराकुंड और तलचर में 45.6, झारसुगुंडा में 45.3 और अंगुल में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

सुन्दरगढ़, भवानीपाटन, और बोलनगीर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि राजधानी भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विशेष राहत आयुक्त के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न सूत्रों से मिली खबरों के मुताबिक अब तक लू लगने से 66 लोगों की मौत की बात कही गई थी, लेकिन जांच करने पर सिर्फ एक व्यक्ति की मत्यु लू से होने की पुष्टि हुई है।

विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्र ने कहा कि 17 मामलों में मौत का कारण कुछ और पाया गया। जबकि बचे हुए 48 मामलों में जांच जारी है। झारखंड में भी गर्मी की मार जारी है और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर प्रदेश में आज भी भीषण गर्मी बनी रही और मौसम खुश्क रहा।

 

मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जगहों पर लू चलने की खबर है। दिन के तापमान में आम तौर पर कोई खास परिवर्तन नहीं रहा। गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, इलाहाबाद, बरेली मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक था। फैजाबाद, मुरादाबाद, झांसी, आगरा औरमेरठ मंडलों में भी यह सामान्य से अधिक दर्ज किया गया जबकि कानपुर मंडल में सामान्य से कुछ अधिक रहा।
इलाहाबाद में सबसे अधिक 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अगले चौबीस घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी चलेगी। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।

 

 

हिसार में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अंबाला में 38.2, चंडीगढ़ में 37.7 और अमतसर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
पश्चिमी महाराष्ट्र के विदर्भ में भीषण गर्मी पड़ रही है। चन्द्रपुर में सबसे ज्यादा गर्मी रही जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पश्चिमी हिस्से में भयंकर सूखे की स्थिति है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *