छत्तीसगढ– सूखा प्रभावित किसानों को बोवनी के लिए बंटेगा धान

जिले के सूखा प्रभावित किसानों के लिए राहत भरी खबर है कि कृषि विभाग सूखा प्रभावित सीमांत एवं लघु किसानों को बोनी करने रकबा के हिसाब से धान का वितरण करेगा। इसके लिए कृषि विभाग ने कृषकों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल माह में उन्हें अनाज वितरीत किया जाएगा।

बरमेकला ब्लॉक अंतर्गत जीरापाली, सांकरा और भकुर्रा ग्राम को इस साल सूखा घोषित किया गया था। सूखा से जूझ रहे किसानों को राजस्व विभाग द्वारा राहत राशि प्रदान की गई है। मगर कृषि विभाग केवल राहत राशि को पर्याप्त नहीं मान रहा है। लिहाजा गांव के किसानों को विभाग ने धान बांटने का फैसला लिया है। बताया जाता है कि सूखा प्रभावित किसान नकद रुपए लेकर अपना खर्च चलाएंगे, जबकि वह इस राशि से धान नहीं खरीद पाएंगे। ऐसे में खरीफ में बोनी करने उनके लिए धान बीज के लिए समस्या खड़ी हो जाएगी। इन परिस्थितियों को भांपकर कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों को धान बांटने का फैसला लिया है। बताया गया कि तीनों गांवों में 72 ऐसे किसानों की सूची कृषि विभाग ने बनाई है। जो सीमांत एवं लघु किसानों की श्रेणी में आते हैं। कागजी खानापूर्ति करने के बाद विभाग उन किसानों को रकबा अनुसार धान वितरण करेगा। बताया जाता है कि विभाग से मिला धान किसानों की बोनी के काम आएगा। हालांकि अप्रैल माह में धान वितरण करने की बात कही जा रही है।

एक क्विंटल तक बांटेंगे

बताया जाता है कि सीमांत एवं लघु किसानों को कृषि विभाग एक क्विंटल तक ही धान बांटेगा। जिन किसानों के नाम पर पांच एकड़ खेत है, उन्हें एक क्विंटल धान जारी किया जाएगा। इसी तरह जिनके नाम पर इससे कम खेत है उन्हें तय मापदंड के अनुसार ही धान आबंटित किया जाएगा।

109 किसानों को राजस्व ने दी राहत राशि

जीरापाली, भकुर्रा और सांकरा में 109 किसान हैं जो सूखा की चपेट में आए हैं। ऐसे में राजस्व विभाग ने सूखा प्रभावित सभी किसानों को प्रति हेक्टेयर के हिसाब से राहत राशि के रूप में 6 हजार 8 सौ 75 रुपए आबंटित किया है। तीनों गांव में 27 ऐसे किसान हैं जो बड़े किसान हैं जिनका नाम कृषि विभाग ने अपने लिस्ट में शामिल नहीं किया है।

फैक्ट फाइल

कहां कितने किसान

जीरापाली 43

भकुर्रा 3

सांकरा 26

कृषि विभाग द्वारा सूखा प्रभावित 72 किसानों को बोनी करने के लिए धान वितरीत किया जाएगा। राजस्व विभाग ने उन्हें राहत राशि प्रदान की है।

एमआर भगत

कृषि अधिकारी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *