2022 तक किसानों की आमदनी हो दोगुनी: मोदी

बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बरेली में किसान कल्याण रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी होनी चाहिए। पीएम मोदी ने राज्य सरकारों से भी किसानों व कृषि को प्राथमिकता में लेने का अनुरोध किया। पीएम ने बरेली से सीधा जुडऩे की कोशिश करने के बाद किसानों की बात शुरू की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे देश का किसान जन का पोषक है, वह श्रम का देवता है, अन्नदाता है। मैं किसान का आभार पूर्वक नमन करता हूं। ऐसे सभी किसानों को मैं नमन करता हूं। मैं किसानों का आभारी हूं। मैं चाहता हूं कि 2022 तक जब भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ बना रहा होगा तब किसानों की आमदनी दो गुनी हो जाए।

देश में किसानों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। परिवार बंटते जा रहे हैं। जमीन भी बंट रही है। विरासत में किसान जमीन बांट भी पाएगा कह पाना मुश्किल है। जमीन कम हो जाती है तो पैदावर कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों का समाधान नहीं है। यदि किसान साथ दें और राज्य सरकारें तैयार हों तो कृषि विभाग केंद्र के हवाले हो। खेती व किसान के लिए ऐसा होना जरूरी। उन्होंने कहा कि कृषि पूरी तरह केंद्र के पास नहीं है। राज्य सरकार के हाथ में भी काफी कुछ है। ईश्वर के बाद किसानों की कोई मदद नहीं करता। राज्य सरकारें किसानों व कृषि को प्राथमिकता में लें।

उन्होंने कहा कि बरेली से मेरा बचपन का नाता है। मैं बचपन में पतंग उड़ाने का बड़ा शौकीन थी। बरेली के मांझे से ही मैं पतंग उड़ाता था। बरेली से सीधे जुडऩे की कोशिश के बाद प्रधानमंत्री किसानों की बात प्रारंभ की।

केंद्र सरकार समझती है किसानों का दर्द : राजनाथ

देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बरेली में किसान कल्याण रैली में किसानों के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। मंच पर पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि संकट के समय सभी को किसानों के साथ खड़े रहना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों का दर्द समझती है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के प्रति बहुत ही ज्यादा असंवेदनशील है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को हुई क्षति को समझा है और एक तिहाई नुकसान वाले किसानों को भी मुआवजा का प्रावधान किया। किसानों की मदद के लिए 2800 करोड़ से अधिक की राशि उत्तर प्रदेश को उपलब्ध कराई है, लेकिन उत्तर प्रदेश का किसान अभी भी बेहाल है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना हर किसान के लिए लाभकारी होगी। यह दुनिया की सबसे बड़ी बीमा योजना है। अब किसान को जितना नुकसान होगा, उतना मुआवजा मिलेगा। यानी सौ प्रतिशत।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान कल्याण रैली को संबोधित करने रबड़ फैक्ट्री के मैदान में बने मंच पर पहुंचे तो उनको हल भेंट करने के साथ ही पगड़ी बांधी गई।

उनके स्वागत की औपचारिकता पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने स्वागत भाषण शुरू किया। उन्होंने यहां पर किसानो को संबोधित करने का आग्रह स्वीकार करने पर पीएम मोदी का आभार जताया। इसकेबाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना संबोधन शुरू किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *