नई दिल्ली। कच्चे तेल के अगले तीन से पांच सालों में सस्ता बने रहने की उम्मीद है। इससे कच्चा तेल आयात करने वाली भारत जैसी अर्थव्यवस्थाओं को फायदा होगा। दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स के मालिक व रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी ने यह बात कही। उनके मुताबिक, यह दुनिया में पहली बार हो रहा है कि ज्यादा आपूर्ति के कारण क्रूड कीमतें कम बनी हुई हैं।
एक चैनल के साथ साक्षात्कार में अंबानी बोले कि अमेरिका में तेल उत्पादन बढ़ने का भी कीमतों पर असर पड़ा है। उसका उत्पादन 10 लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 90 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया है। इसके चलते तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक ने आपूर्ति पर से नियंत्रण खो दिया। इस तरह दुनिया में क्रूड की ओवरसप्लाई हो गई।
देश के सबसे धनी व्यक्ति से जब पूछा गया कि यह स्थिति कब तक बनी रहेगी तो उन्होंने जवाब दिया कि वह मानते हैं कि अधिकता का यह दौर तीन से पांच साल तक जारी रहेगा। संरचनात्मक बदलाव होने तक ऐसे हालात बने रहेंगे। हालांकि, उन्होंने जोड़ा कि वह गलत भी साबित होते हैं। अंबानी ने कहा कि कच्चे तेल की नरमी भारत जैसे क्रूड आयातकों के लिए काफी अनुकूल है। इससे विदेशी मुद्रा बचेगी। साथ ही सरकार को राजकोषीय घाटे का लक्ष्य प्राप्त करने में सफलता मिलेगी।
जियो की 4जी सेवा दूसरी छमाही में
अंबानी ने बताया कि रिलायंस जियो अपनी बहुप्रतीक्षित 4जी सेवा व्यावसायिक रूप से 2016 की दूसरी छमाही में पेश करने को तैयार है। दिसंबर केअंत में रिलायंस जियो ने 4जी सेवा को अपने कर्मचारियों के बीच लांच किया था। रिलायंस ग्रुप की टेलीकॉम यूनिट बंटवारे में छोटे भाई अनिल अंबानी केपास जाने के बाद यह मुकेश अंबानी की इस क्षेत्र में वापसी है।