करनाल के कोहंड गांव का प्रमोद शर्मा सेक्टर 13-17 में अपनी साली के लड़के की शादी में आया था। 5 दिसंबर की सुबह करीब छह बजे प्रमोद शौच के लिए सेक्टर-13 में खुले मैदान में बैठ गया। तभी वहां पर एक व्यक्ति आया और उससे बोला कि क्या यह शौच करने की जगह है।
प्रमोद संभल भी नहीं पाया था कि उसने हमला बोल दिया और दाहिने हाथ को तलवार से काट दिया। इसके अलावा शरीर पर कई वार कर आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लतपथ प्रमोद को सोनी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसके हाथ की सर्जरी की गई।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई बलकार सिंह का कहना है कि हमलावर आसपास क्षेत्र का हो सकता है। कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन आरोपी को भेद नहीं लगा है।