इनकम के मामले में गोवा है देश का नंबर 1 राज्य, राजधानी दिल्ली भी है पीछे

नई दिल्ली. राजनीति के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण दो राज्य बिहार और उत्तर प्रदेश एक बार फिर देश के दूसरे राज्यों से पिछड़ गए हैं। प्रति व्यक्ति आय के मामले में दोनों फिसड्डी साबित हुए हैं। कमाई के मामले में अभी भी बिहार देश का सबसे पिछड़ा प्रदेश है, इसके बाद उत्तर प्रदेश का नंबर है। गोवा 224,138 रुपए प्रति व्यक्ति आय के साथ सबसे ऊपर है, जबकि राजधानी दिल्ली दूसरे नंबर पर है। दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय वित्त वर्ष 2014-15 में लगभग 13.50 फीसदी बढ़कर 219,979 रुपए हो गई। लेकिन, गोवा ने इस मामले में दिल्ली को पछाड़ दिया है।
पहले नंबर पर है गोवा
प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत का गोवा पहले पायदान पर है। गोवा की प्रति व्यक्ति आय 224,138 रुपए है। देश के अन्य राज्यों की तुलना में यहां प्रति व्यक्ति आय 3.01 फीसदी की दर से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, गोवा में टूरिज्म इंडस्ट्री में सबसे अधिक रोजगार है। यही वजह है कि पहली बार गोवा ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को पीछे कर पहला स्थान हासिल किया है। पिछले पांच वर्षों में गोवा में प्रति व्यक्ति आय बिहार के मुकाबले 7.18 गुना बढ़ी है। बिहार में प्रति व्यक्ति आय 36,143 रुपए है, जो सबसे पिछड़ा हुआ है।

 

दूसरे नंबर पर है राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में प्रति व्यक्ति आय देश के अन्य राज्यों के मुकाबले बहुत तेजी से बढ़ी है। बीते पांच वर्षो में दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय में 73 फीसदी का इजाफा हुआ है। यह राष्ट्रीय औसत का तीन गुना है। साल 2014-15 में दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय 27,397 रुपए बढ़ी। प्रति व्यक्ति आय का राष्ट्रीय औसत 61,564 रुपए है। फिलहाल 219,979 रुपए के साथ दिल्ली दूसरे नंबर पर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *