झांसी (उत्तर प्रदेश). पिछड़ी जाति की एक महिला को पंचायत के आदेश पर जूतों से पीटा गया। झांसी जिले के बंगरा ब्लॉक के सेकरा गांव की रहने वाली महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि वह पंचायत के फैसले के खिलाफ बोली थी। इस पर पंच नाराज हो गए और जूतों से पीटने का आदेश दे दिया। महिला के मुताबिक पंचों ने उसे खुद जूते मारे। महिला के पति और ससुर ने विरोध किया तो उन्हें भी जूतों से पीटा गया।
पीड़ित महिला का गांव की ऊंची जाति की दूसरी महिला से शनिवार को विवाद हुआ था। पुलिस को पीड़ित ने लिखकर दिया है कि ग्राम प्रधान के भाई ने हनुमान मंदिर के सामने पंचायत लगाई। पीड़ित ने विरोध किया तो पंच नाराज हो गए और उसे सरेआम जूतों से पीटने का आदेश दे दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे, पति वृंदावन और ससुर कृपाराम को भी विरोध करने पर जूतों से पीटा। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके पति वृंदावन को घर में बंद कर दिया गया। dainikbhaskar.com को महिला ने बताया कि काफी दिनों से दबंग उसे परेशान कर रहे हैं।