दिल्ली में 22 नवंबर तक डेंगू के 781 मामले

राष्ट्रीय राजधानी और इससे लगे इलाकों में डेंगू के मामलों में वृद्धि हुई है जहां 22 नवंबर तक डेंगू के कुल 781 मामले दर्ज किए गए हैं। नगर निकाय के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आंकड़ों के मुताबिक शहर से डेंगू के 725 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें उत्तर दिल्ली नगर निगम से 171 मामले, दक्षिण दिल्ली नगर निगम से 320 मामले, पूर्वी दिल्ली नगर निगम से 141 मामले शामिल हैं जबकि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद से आदि से 19 मामले हैं। अधिकारियों ने बताया कि शेष 56 मामले राजधानी से लगे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के इलाकों में दर्ज किए गए हैं।

अभी तक राजधानी में डेंगू से दो लोगों की मौत हुई है जिनमें श्रीनगर का आठ वर्षीय ऋषी कद्दाफी शामिल नहीं है जिसकी डेंगू से 28 सितंबर को सर गंगा राम अस्पताल में मौत हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक दिवाली के बाद डेंगू के मामलों में आमतौर पर गिरावट आती है।

नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिवाली के बाद डेंगू के मामलों में वद्धि हुई है क्योंकि मच्छरों के प्रजनन के लिए तापमान अनुकूल है। हालांकि, इस साल दर्ज किए गए मामले पिछले साल की तुलना में कम हैं। पिछले साल शहर में इसी मौसम में डेंगू के करीब 5,212 मामले दर्ज किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *