खैरागढ़ राजपरिवार भी खा रहा गरीबों का चावल

राजनांदगांव(ब्यूरो)। गरीब तबके के लोगों को राहत देने राज्य शासन द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना का राशन खैरागढ़ राजपरिवार भी खा रहा है। खैरागढ़ में भाजपा के मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता के नाम से राशन कार्ड तो है ही, राजपरिवार के कई नौकरी पेशा सदस्य भी इस योजना का फर्जी तरीके से फायदा उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के निर्वाचन जिले में उनकी ही महत्वाकांक्षी योजना का बुरा हाल है। फर्जी राशन कार्ड के मामले रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पूर्व नॉन अध्यक्ष व पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी के साथ भाजपा के कई नेताओं के नाम भी राशन कार्ड होने का मामला सामने आ चुका है। अब इसमें खैरागढ़ का राजपरिवार भी शामिल हो गया है। राजपरिवार के सदस्य पिछले एक साल से गरीबों के हक का खाद्यान्न उठा रहे हैं। राजपरिवार में ऐसे कई लोगों के नाम राशन कार्ड हैं, जो शासकीय नौकरी में हैं और कई सत्ता पक्ष से जुड़े हुए हैं। यहां तक कि भाजपा मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता की पत्नी रेखा गुप्ता के नाम पर भी भूरा राशन कार्ड है।

राजपरिवार वाले भूमिहीन

खाद्यान्न योजना का लाभ लेने के लिए राजफैमिली वार्ड में निवासरत राजपरिवार के सदस्य भूमिहीन कृषि मजदूर बन गए हैं, जबकि राजफैमिली के अधिकांश सदस्य शासकीय नौकरी में हैं और कई बड़े महलों के मालिक भी हैं। ऐसे में उनके नाम से राशन कार्ड कैसे बने? यह जांच से ही खुल पाएगा।

राजपरिवार में 300 गरीब

खैरागढ़ राजपरिवार वार्ड में लगभग 301 राशन कार्ड बने हैं। इसमें 128 सदस्यों का बीपीएल श्रेणी वाला नीला राशन कार्ड है और 98 सदस्य भूरा कार्डधारी हैं। इसी तरह राजपरिवार के 75 सदस्यों के नाम पर बीपीएल श्रेणी की तरह ही गुलाबी रंग का राशन कार्ड है। इन कार्डों से राजपरिवार के सदस्य नियमित तौर पर खाद्यान्न का उठाव भी कर रहे हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष व पार्षद भी गरीब

खैरागढ़ में भाजपा मंडल अध्यक्ष व राजफैमिली वार्ड की पार्षद भी गरीबों की श्रेणी में हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता की पत्नी रेखा गुप्ता के नाम भूरा राशन कार्ड है। वहीं राजफैमिली वार्ड की भाजपा पार्षद देवयानी सिंह पति किशोर सिंह के नाम भी बीपीएल श्रेणी का नीला कार्ड है। बताया जा रहा है कि पार्षद पति भाजपा नेता भी हैं। राजनांदगांव की तरह अगर खैरागढ़ में भी राशन कार्ड की निष्पक्ष जांच पड़ताल की गई तो कई फजीवाड़े यहां भी उजागर होंगे।

ये हैं राजपरिवार के गरीब

नाम राशन कार्ड क्रंमाक

आशा-लाल अवनिंद्र सिंह 42010030400750

किशोर-विजय करण सिंह 42010303040128

गिरिश सिंह 42010303040130

देवयानी-किशोर 42010303040127

सूर्यदमन सिंह 42010303040332

स्मृति-नीलांबर 42010031600141

रेखा-विकेश गुप्ता 42010303110278

(सभी कार्डधारी भाजपा नेता है या फिर शासकीय नौकरी में हैं।)

वर्सन…..

राजपरिवार में ऐसे किसी के नाम से राशन कार्ड नहीं बना है, जो शासकीय नौकरी में है। पार्षद के नाम की जानकारी नहीं है। मंडल भाजपा अध्यक्ष के नाम से भी किसी तरह का कोई राशन कार्ड नहीं बना है।

विक्रांत सिंह, नपा अध्यक्ष व भाजपा नेता खैरागढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *