मंथन सभाकक्ष में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों व आला अधिकारियों से सीधेतौर पर रू-ब-रू होते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने शहर की प्रमुख जगहों पर पौधरोपण के अलावा यातायात व्यवस्था पर फोकस किया। उनका कहना था कि पौधरोपण के साथ ही पौधों की सुरक्षा करने के लिए प्रत्येक नागरिक स्वस्फूर्त इस ओर ध्यान दें। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के साथ ही यातायात के सुव्यवस्थित संचालन में आम लोगों की भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम को एक अभियान के रूप में चलाया जाएगा। इसमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पौधों की सुरक्षा एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। व्यापारिक संगठनों के सुझाव पर साइंस कॉलेज मैदान में पौधरोपण की योजना बनाई गई है। आम लोग भी यहां पौधरोपण कर सकेंगे। सांइस कॉलेज मैदान में पौधरोपण के दौरान आम नागरिक अपने पूर्वजों के नाम या स्व. माता-पिता या फिर रिश्तेदारों के नाम से पौधे रोप सकते हैं। पौधारोपण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं जनसहभागिता के लिए संभागीय चेंबर ऑफ कामर्स के महामंत्री बेनी प्रसाद गुप्ता, प्राण चड्डा, छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया समेत नगर के विभिन्न प्रतिष्ठानों के वरिष्ठ सदस्यों ने अपने सुझाव दिए।
ये करेंगे देखभाल
व्यापार विहार क्षेत्र में लगाए जाने वाले पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन ने ली है। ट्रांसपोर्ट नगर- मोटर्स पार्ट्स एसोसिएशन कुदुदंड, नगर निगम पंप हाउस, बिलासपुर टेंट एसोसिएशन मंगला-चौक के व्यापारी संघ, जिला खेल परिसर सीपत रोड- फल सब्जी विक्रेता, चिल्हाटी, बर्जेस स्कूल-लायंस क्लब, देवकीनंदन दीक्षित स्कूल, गोलबाजार व्यापारी संगठन छठघाठ, बुधवारी बाजार व्यापारी संघ लिंकरोड, सराफा व्यापारी संघ बर्तन व्यापारी संघ गौरवपथ, स्थानीय कॉलोनीवासी एवं कोल विक्रेता संघ ने पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ली है।
किसने क्या कहा
पर्यावरण संतुलन व जीवन के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठान, सार्वजनिक उपक्रम एवं नागरिकों को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इस अभियान में लोगों को बढ़चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। पौधे लगाने के साथ ही उसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी उठानी होगी।
सोनमणि बोरा, संभागायुक्त
शहर के विभिन्न स्थानों एवं मुख्य सड़कों के किनारे पौधरोपण की तैयारी की जा रही है। इसमें सभी लोगों को जोड़कर कार्य किया जाएगा। पौधरोपण के लिए एनटीपीसी ने सीएसआार फंड से 25 लाख रुपए देने की बात कही है। पौधरोपणकार्यक्रम को योजनाबद्ध ढंग संचालित किया जाएगा।
सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, कलेक्टर