प्रेट्र : नई दिल्ली… बीते साल 2013 के दौरान
खाद्य तेल, चीनी और अनाज की बेहतर सप्लाई होने की वजह से विश्व बाजार में
इन वस्तुओं के दाम कम रहे। संयुक्त राष्ट्र के फूड एंड एग्रीकल्चर
ऑर्गनाइजेशन (एफएओ) के अनुसार इससे वैश्विक महंगाई में 1.6 फीसदी की कमी
दर्ज की गई।
पिछले पूरे वर्ष 2013 के दौरान एफएओ का इंडेक्स औसतन 209.9 अंक पर रहा।
यह इंडेक्स वर्ष 2012 के मुकाबले करीब 1.6 फीसदी नीचे रहा। हालांकि इस
दौरान लगातार तीसरे साल उच्चतम वार्षिक मूल्य भी दर्ज किया गया। एफएओ
प्राइस इंडेक्स मासिक आधार पर जारी होता है। इसमें अनाज, खाद्य तेल, डेयरी
उत्पाद, मीट और चीनी शामिल है।
एफएओ के अनुसार आलोच्य अवधि में अनाज के दाम करीब 7.2 फीसदी कम हो गए
क्योंकि गेहूं व मक्का के मूल्य में खासी गिरावट आई। हालांकि दिसंबर 2013
में चावल के मूल्य में तेजी दर्ज की गई। इस दौरान वेजिटेबल ऑयल के दाम घटकर
चार साल के निचले स्तर पर रह गए।