लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज मातृ-शिशु कल्याण सम्बन्धी महत्वाकांक्षी ‘हौसला’ अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश की सभी माताओं एवं उनके बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का वादा किया और कहा कि उनकी सरकार इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में पूरी ताकत लगा देगी।
मुख्यमंत्री ने यहां ‘हौसला’ अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रसव के दौरान माता और शिशु की मौत की दर चिंताजनक है और खासकर ग्रामीण इलाकों में गरीब तबके के बीच जागरूकता की कमी के कारण स्थितियां बहुत चुनौतीपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा ‘‘हमें उम्मीद है कि हौसला के माध्यम से हम उत्तर प्रदेश में लोगों को जागरूक करने में कामयाब होंगे। आंकड़े बताते है कि उत्तर प्रदेश में हरसाल प्रसव के दौरान चार लाख बच्चों की मौत हो जाती है और हजारों महिलाएं भी काल की भेंट चढ़ जाती हैं।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं एवं उनके बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का वादा करते हुए विश्वास दिलाया है कि मौजूदा सरकार ‘हौसला’ जागरूकता अभियान को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाएगी।
अखिलेश ने कहा कि जनंसख्या के हिसाब से सबसे बड़े इस प्रदेश में हौसला अभियान के जरिये मातृ-शिशु की जान बचाने, इस बारे में जागरूकता फैलाने तथा उनके स्वास्थ्य के देखभाल करने के लिये कदम उठाये जाएंगे। मुझे भरोसा है कि भविष्य में हम मातृ-शिशु मृत्यु दरों के चिंताजनक आंकड़ों में गिरावट पाएंगे। उत्तर प्रदेश स्वस्थ दिखायी देगा। मां और बच्चे स्वस्थ होंगे तभी उत्तर प्रदेश स्वस्थ होगा।