नई दिल्ली : वित्त मंत्रालय देश के पहले महिला बैंक की स्थापना हेतू मंजूरी के लिए जल्द ही मंत्रिमंडल से संपर्क करेगा। यह बैंक 1,000 करोड़ रुपए की शुरूआती पूंजी से स्थापित किया जायेगा। सूत्रों के मुताबिक महिला बैंक के लिए मंत्रिमंडल नोट जारी किया गया है और उम्मीद है कि मंत्रिमंडल जल्दी इस पर विचार करेगा।
महिला बैंक स्थापित करने की घोषणा बजट में की गई थी। यह एक सरकारी उपक्रम होगा और उम्मीद है कि नवंबर 2013 से इसका परिचालन शुरू हो जायेगा जिसकी देश भर में छह शाखाएं होंगी।
वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने हाल ही में कहा था कि शुरूआत में देश के – उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर -हर क्षेत्र में बैंक की एक शाखा खोली जाएगी। बैंक में ज्यादातर महिला कर्मचारी होंगी और यह 1,000 करोड़ रुपए की शुरूआती पूंजी से शुरू होगा।
प्रस्तावित बैंक आम तौर पर महिलाओं द्वारा चलाया जायेगा और महिलाओं के कारोबार जैसे महिला स्वयं सहायता समूह और उनकी आजीविका के लिए रिण देगा। बैंक में मुख्य तौर पर महिलाओं को नियुक्त किया जाएगा जिससे स्त्री पुरुष समानता, सशक्तिकरण और वित्तीय समावेश पर ध्यान दिया जा सकेगा। हालांकि इसमें महिला और पुरुष दोनों के खाते खुलेंगे।