बिहारशरीफ [जागरण संवाददाता]। आलू उत्पादन में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले
नालंदा जिले ने इस बार फिर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। पिछली बार कतरी सराय
प्रखंड के दरवेशपुरा गांव के किसान नीतीश कुमार ने प्रति हेक्टेयर 729
क्विंटल आलू उत्पादन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इस बार बिहार शरीफ प्रखंड
के सोहडीह गांव के किसान राकेश कुमार ने प्रति हेक्टेयर 1,088 क्विंटल आलू
उपजाकर नया कीर्तिमान बनाया है।
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा महतो ने बताया कि यह एक नया विश्व
रिकॉर्ड है, लेकिन विभाग के प्रदेश स्तर के अधिकारियों की ओर से औपचारिक
पुष्टि होनी अभी बाकी है। पिछली बार की तरह इस बार भी यह रिकॉर्ड जैविक
विधि की खेती से ही बनाया गया है। इसके उत्पादन की देख-रेख फ्रांस की
उत्पाद गुणवत्ता प्रमाणित करने वाली कंपनी यूको शर्ट द्वारा की गई है।
रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र हरनौत के डॉ एनके सिंह, डॉ विजय कुमार
अग्रवाल और उद्यान महाविद्यालय के डॉ. महेन्द्र पाल, डॉ अनिरुद्ध प्रताप
सिंह जैसे वैज्ञानिकों की टीम ने किसान राकेश कुमार के खेत में लगे आलू की
क्रॉप कटिंग कराई। इसमें पचास वर्ग मीटर क्षेत्र में कुल 544 किलोग्राम आलू
निकला। इस तरह उपज परिणाम प्रति हेक्टेयर 1088 क्विंटल आया, जो पहले के
विश्व रिकॉर्ड 729 क्विंटल से 359 क्विंटल ज्यादा है। राकेश कुमार प्याज
उत्पादन में भी विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्हें राष्ट्रपति प्रणब
मुखर्जी ने हाल ही में नई दिल्ली में कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया
गया था।
जिले के कतरी सराय प्रखंड के दरवेशपुरा गांव के ही किसान सुमंत कुमार
ने पिछले वर्ष धान उत्पादन में विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा सिलाव
प्रखंड के सारिलचक गांव के किसान सुरेन्द्र प्रसाद ने भी गेहूं के उत्पादन
में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।