‘आम आदमी की दुकान’ में मिलेगा सस्ता सामान, हर जिले में होगी उपलब्धता


शिमला। प्रदेशवासियों को अब रोजमर्रा का सामान काफी सस्ते दाम
में मिलेगा। इसके लिए सरकार ने सभी जिलों में ‘आम आदमी की दुकान’ खोलने का
फैसला लिया है। पायलट प्रोजेक्ट में ये दुकानें कांगड़ा, धर्मशाला, सोलन,
नगरोटा, सिरमौर, कुल्लू, पांवटा और बद्दी में खोली जाएंगी। बाद में अन्य
जिलों में विस्तार होगा।
 
मिडिलमैन प्रोफिट के चलते लोगों को रोजमर्रा का सामान महंगे दाम पर
मिलता है। सरकार सीधे कंपनी से सामान लेगी और इन दुकानों के माध्यम से
लोगों तक पहुंचाएगी। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली ने
वीरवार को यह जानकारी दी।
 
क्या-क्या मिलेगा  
 
खाद्य आपूर्ति निगम के अनुसार इन दुकानों में पहले चरण में आटा, चावल,
दालें, मसाले,  साबुन, तेल और अन्य खाद्य वस्तुएं मिलेंगी। दूसरे चरण में
इसमें अन्य वस्तुएं भी शामिल की जाएंगी। 
 
भंडारण क्षमता बढ़ाएंगे 
 
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में खाद्य निगम के पास 116 होलसेल गोदाम
हैं। इनकी भंडारण क्षमता बढ़ाई जाएगी। प्रदेश खाद्य निगम को वर्ष 2011-12
में 6.04 करोड़ रुपए का लाभ हुआ है।
 
प्रमुख बस अड्डों पर खोली जाएंगी
 
बाली ने बताया कि दुकानें सभी बस अड्डों पर खोली जाएंगी, ताकि लोगों
को सामान लेने में आसानी हो। दुकानें पूरी तरह कंप्यूटरीकृत होंगी और इनमें
सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इन दुकानों को खोलने का उद्देश्य आम आदमी को
रोजाना की वस्तुएं सस्ते दाम पर उपलब्ध करवाना है। बिचौलियों की भूमिका
खत्म होगी।
 
दाल घोटाले की चल रही जांच  
 
बाली ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए दाल घोटाले की
जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई लोगों के सामने रखी जाएगी। दोषियों पर
सख्त कार्रवाई होगी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम वाले
बैग पर बैन पर उन्होंने कहा यह मापदंडों पर खरे नहीं उतरे।
 
18001808026 पर कर सकेंगे शिकायत 
 
प्रदेश के हर डिपो में खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले एवं परिवहन
मंत्री का मोबाइल नंबर 98160-35297 लिखा रहेगा। उपभोक्ता जब चाहें शिकायत
कर सकते हैं। इसके अलावा डिपो में लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना
करना पड़ता है तो वे 18001808026 टोल फ्री नंबर पर फोन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *