शीतलहर जारी से उप्र में सात और लोगों की मौत

नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी रहने और धुंध होने से रेल व हवाई यातायात प्रभावित हुआ है।

वहीं उत्तर प्रदेश में शीत लहर ने सात और
लोगों की जान ले ली जिससे राज्य में सर्दी के कारण मरने वालों की संख्या
बढ़कर 69 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को चार दिन बाद फिर कोहरा
दिखा और अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। घने कोहरे से इंदिरा
गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 130 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई जिससे
यात्रियों को काफी दिक्कतें आईं।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप
जारी रहने के बीच बीते 24 घंटों के दौरान सात और लोगों की मौत हो गई। इसके
साथ ही ठंड से मरने वालों की संख्या 69 हो गई है। बाराबंकी जिले में दो और
गोण्डा, देवरिया, बलिया, बांदा और हमीरपुर जिलों से भी एक एक व्यक्ति के
मरने की खबर है। प्रदेश में लखनऊ के हवाई अड्डे पर न्यूनतम तापमान 0.7
डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य में अधिकतर स्थानों पर तापमान
सामान्य से छह से लेकर 11 डिग्री तक कम रहा।
पंजाब और हरियाणा में भी
कंपकंपाती सर्दी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इससे रेल और हवाई
यातायात भी प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़ हवाई अड्डे से अधिकतर उड़ानों के समय में परिवर्तन किया गया है या उन्हें रद्द कर दिया गया
है। कई ट्रेनें अपने समय से कई घंटों की देरी से चल रही हैं। पंजाब व
हरियाणा में हिसार 2.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा प्रदेश रहा। वहीं राजस्थान
में श्रीगंगानगर सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीगंगानगर में तापमान 0.6 डिग्री
तक नीचे चला गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है।
हिमाचल प्रदेश में भी
शीत लहर जारी है और राज्य में कई स्थानों पर तापमान शून्य से काफी नीचे चला
गया है। लाहौल स्पीति में तापतान शून्य से 7.6 डिग्री नीचे चला गया वहीं
कपाला में तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकार्ड किया गया।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठिठुरन भरी ठंड पड़ रही है क्योंकि रात का
तापमान एक से लेकर तीन डिग्री तक नीचे गिर गया।
हालांकि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से अधिकतम तापामन थोड़ा बढ़ा।
जनजातीय
लाहौल और स्पीति जिले के किलोंग और पड़ोसी किन्नौर जिले के कल्पा में
न्यूनतम तापमान शून्य से क्रमश: 7.6 डिग्री और 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे
चला गया। मुख्य पर्यटक स्थल मनाली में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और वहां
पारा शून्य से 1.5 डिग्री नीचे लुढक गया। सोलन, भुंतर और सुंदरनगर में
न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2 डिग्री, 1.0 डिग्री और 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
(भाषा)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *