चंडीगढ़.
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने राज्य के किसानों को
भरोसा दिलाया है कि सरकार ने केंद्र सरकार को सिफारिश कर रखी है कि उर्वरक
पर दी जाने वाली सब्सिडी सीधी किसानों को देने दी जाए। यह मामला केंद्र
सरकार के पास विचाराधीन है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां अपने आवास पर कृषि ऋणों पर स्टाम्प ड्यूटी
समाप्त करने की खुशी में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए किसानों को
संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर किसानों ने मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर
फूलमालाओं से स्वागत किया और एक तलवार भेंट की। किसानों ने देश की समृद्घि
का प्रतीक हल भी मुख्यमंत्री को भेंट किया।
हुड्डा ने कहा कि स्टाम्प ड्यूटी लगने से किसानों पर दोहरी मार पड़ती थी,
जिसके तहत एक तो उसे कर्ज लेना पड़ता था ऊपर से स्टाम्प ड्यूटी देनी पड़ती
थी। किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य दिलाने के लिए उन्होंने कृषि
उत्पादन कार्य समूह की रिपोर्ट में प्रधानमंत्री और भारत सरकार को विभिन्न
जिंसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य फसल की उत्पादन लागत से 50 प्रतिशत अधिक
देने की सिफारिश की है।
राज्य में कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों और खेतीहर मजदूरों की आर्थिक
स्थिति में और अधिक सुधार लाने के लिए एक कृषि नीति बनाई जा रही हैं। इस
नीति का ड्राफ्ट किसान आयोग ने सरकार को प्रस्तुत कर दिया है।