जालंधर. फोकल
प्वाइंट स्थित कंबल बनाने वाली शीतल फाइबर इंडस्ट्री में रविवार देर रात
धमाके के साथ तीन मंजिला इमारत ढह गई। वहां काम कर रहे करीब 200 कर्मचारी
मलबे के नीचे दब गए। सुबह तक 40 से अधिक घायलों को मलबे से निकाला जा चुका
है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास की
फैक्ट्रियों में काम करते मुलाजिम और लोग बचाव के लिए दौड़े और मलबे में
दबे मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ। घायलों को श्री देवी तालाब
मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में अभी
तक एक मजदूर के मरने की सूचना है।
11.15 पर हुआ हादसा
थाना
डिवीजन नंबर-8 के ठीक बगल में स्थित इंडस्ट्री में रात 11.15 पर धमाका
हुआ। धमाके के तुरंत बाद करीब दो सौ फीट लंबी तीन मंजिला इमारत ढह गई।
लोगों के अनुसार फैक्ट्री में रात के समय करीब 400 लोग काम करते हैं, परंतु
रविवार को छुट्टी का दिन था। इस कारण संख्या कम थी। कहा जा रहा है कि
बावजूद इसके घटना के समय एक सौ से अधिक लोग अंदर मौजूद थे। बहुत से मुलाजिम
यहां सोते भी हैं। बेसमेंट को छोड़कर पूरा हिस्सा मलबे के ढेर में तब्दील
हो गया था।
चीख पुकार मचते ही आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े।
सूचना पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी पहुंचे। एसीपी जसबीर सिंह रॉय भी चंद
मुलाजिमों के साथ गए थे, लेकिन बाद में पूरा अमला आ पहुंचा। एंबुलेंस 108
और श्री देवी तालाब मंदिर ट्रस्ट के अस्पताल की एंबुलेंस घायलों को ले जा
रही थी। सब फायर ऑफिसर एसएम शर्मा ने बताया कि उन्हें साढ़े ग्यारह बजे
सूचना आई थी।