नगर प्रतिनिधि, धर्मशाला : गांव के विकास को अब नई भाग्य रेखाएं मिल
जाएंगी। लोक निर्माण विभाग कांगड़ा जोन में 51 नई सड़कें बनाएगा, इसके लिए
बकायदा 5678.41 लाख रुपये का प्रावधान हो चुका है। कांगड़ा जिले में 11 व
चंबा में 40 सड़कें बनाने की मंजूरी मिली है।
इन सड़कों के बन जाने से उन सभी गांव को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी, जो अभी
तक सड़क न होने से वंचित थे। सबसे अधिक 18 सड़कें विभाग के चंबा मंडल के तहत
बनेंगी, जबकि सबसे कम जवाली व किलाड़ (पांगी) मंडल में एक-एक सड़क बनाई
जाएगी। सलूनी दूसरा मंडल है जहां चंबा के बाद 10 सड़कें बनेंगी। डलहौजी में 9
सड़कें विभाग तैयार करेगा। इसी प्रकार कांगड़ा मंडल में 7, देहरा मंडल में 3
व भरमौर मंडल में 2 सड़कें बनाने की मंजूरी लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा
जोन को मिली है। जिला कांगड़ा में बनने वाली 11 सड़कों के निर्माण पर 1663.53
लाख व चंबा जिले में बनने वाली 40 सड़कों के निर्माण पर 4014.18 लाख रुपये
खर्च होंगे। यदि सर्कलों की बात की जाए तो सबसे अधिक सड़कें डलहौजी सर्कल
में 40 सड़कें बनेंगी, इसके बाद पालमपुर सर्कल में 7 व नूरपुर सर्कल में 4
सड़कों का निर्माण होगा। कुल मिलाकर लोक निर्माण विभाग को मिली मंजूरी के
मुताबिक 51 सड़कें कांगड़ा जोन में बनेंगी, जिससे उन सभी गांव के लोगों को
राहत की सांस मिली है, जो अब तक बिना सड़क सुविधा के चलते पैदल आवाजाही कर
राशन भी पीठ पर ढोते थे। इन सड़कों का निर्माण होने के बाद ये लोग पीठ पर
सामान ढोने से मुक्त हो जाएंगे और इनके को विकास के पंख लग जाएंगे।
मिल गई मंजूरी
‘कांगड़ा जोन में लोनिवि को 51 नयी सड़कें बनाने की मंजूरी मिल गई है और
अब विभाग औपचारिकताएं पूरी करेगा। औपचारिकताएं पूरी होते ही इन सभी मंजूर
सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।’
-एमएस ठाकुर, अधीक्षण अभियंता (कार्य), कांगड़ा जोन।
कहां कितनी बनेंगी सड़कें
मंडल सड़क
कांगड़ा 7
जवाली 1
देहरा 3
चंबा 18
भरमौर 2
किलाड़ (पांगी) 1
सलूनी 10
डलहौजी 9