मुजफ्फरपुर, जागरण टीम : 24 घंटों से ही रही लगातार वर्षा से बाढ़ की
स्थिति और बिगड़ गई है। प्रभावित क्षेत्रों का सड़क संपर्क टूट चुका है।
गायघाट के सौ घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। वहीं, कटरा में कई
घर ध्वस्त हो गए हैं। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
औराई : बागमती नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही लगातार वर्षा से
प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। प्रखंड की 6 पंचायतों के
14 गांवों में लोग ऊंचे व सुरक्षित स्थानों को पलायन करने लगे हैं। अधिकतर
प्रभावित परिवारों ने बांध पर शरण ले ली है। ग्रामीणों के समक्ष पशुओं की
देखभाल एक बड़ी समस्या बन गई है। रून्नीसैदपुर-औराई-बेनीबाद सड़क को छोड़कर
प्रखंड की किसी प्रमुख व अन्य सड़क पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है।
सभी सड़कें कीचड़युक्त हो गई हैं। अंचल प्रशासन द्वारा निर्गत परवाने वाले
नावों का कोई अता-पता नहीं है। लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त
हो गया है। गायघाट : प्रखंड की जमालपुर कोदई पंचायत के कल्याणी, डुमरामा व
हरपुर गांवों के सौ घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। ध्वस्त
जमींदारी बांध की मरम्मत नहीं होने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। सीओ भरत
भूषण ने मंगलवार को प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर सहायता देने का आश्वासन
दिया। कटरा : मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग अब
भी सुरक्षा के कारण बांध की ओर पलायन कर रहे हैं। प्रखंड के बकुची निवासी
श्याम महतो, कटरा निवासी नरेश चौधरी, रामजीवन सिंह, बरैठा निवासी फूलो सिंह
आदि का घर जमींदोज हो गया है। कच्चे घरों को छोड़कर बांध या विद्यालय में
शरण ले रहे हैं।