रुड़की, जागरण कार्यालय: आरटीआइ के तहत लोगों की संपत्ति व अन्य बातों
की सूचना मांगकर उनको ब्लैकमेल करने वाले गिरोह को पुलिस ने चिह्नित कर
लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के सदस्यों की घेराबंदी करने में जुटी है।
शहर पुलिस को पिछले कुछ समय शिकायतें मिल रही थी कि कुछ लोग आरटीआइ के
माध्यम से लोगों की संपत्ति व अन्य मामलों में सूचना मांग रहे हैं। सूचना
मिल जाने पर यह गिरोह लोगों को ब्लैकमेल कर उनसे रुपया ऐंठते हैं। शिकायत
के आधार पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो मामला सही निकला। यह गिरोह पहले तो
व्यक्ति विशेष के बारे में पूरी जानकारी जुटाता है, फिर उसकी संपत्ति व
अन्य बातों से संबंधित सूचना मांगने के लिए आरटीआइ के तहत तहसील कार्यालय
में प्रार्थना-पत्र देता है। सूचना मिलने पर यह लोग संबंधित व्यक्ति को
ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं। सूत्रों का कहना है कि गिरोह में
चार-पांच सदस्य हैं, जिसमें से दो-तीन युवक तो स्थानीय हैं। इनमें दो उत्तर
प्रदेश के हैं। इनमें एक इलाहाबाद का रहने वाला है। सूचना संबंधी सभी डाक
यह गिरोह शेखपुरी एक पते पर मंगवाता है। गिरोह के दो स्थानीय सदस्य दुकान
भी चलाते हैं। सीओ कमलेश उपाध्याय ने माना कि आरटीआइ के तहत अनावश्यक रूप
से लोगों की संपत्ति के बारे में सूचना मांगने का मामला प्रकाश में आया है।
इसके पीछे सूचना मांगने वाले लोगों का क्या मकसद है। इसका पता लगाया जा
रहा है। पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित करने में लगी है।