प्रदेश के आधे मंत्री भ्रष्ट : भूरिया

जबलपुर.
भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। प्रदेश
सरकार के आधे से अधिक मंत्री भ्रष्ट हैं। खुद मुख्यमंत्री और उनके 12
सहायकों पर लोकायुक्त में भ्रष्टाचार संबंधी जांच चल रही है। ऐसे मंत्रियों
को तत्काल बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।


कांग्रेस ने हमेशा ही
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और यदि किसी पर आरोप लगता है तो उसे सजा
भी दी जाती है, पर भाजपा ऐसे मंत्रियों को पालती है। कांग्रेस ने महंगाई
को कम करने के लिये भी कई कदम उठाये, पर भाजपा की प्रदेश सरकार ने महंगाई
को बढ़ावा दिया है। पेट्रोल पर ही सबसे ज्यादा टैक्स मध्यप्रदेश में लग रहा
है।


उपरोक्त आरोप कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष
कांतिलाल भूरिया ने आज यहां सर्किट हाउस में आयोजित पत्रवार्ता में लगाये।
उन्हांेने कहा कि धर्म या राम के नाम पर भाजपा ही राजनीति करती है,
कांग्रेस ने कभी ऐसा नहीं किया।


प्रदेश की कानून व्यवस्था को
कोसते हुए श्री भूरिया ने कहा कि केन्द्र की योजनाओं के लिये जो राशि
प्रदेश सरकार को दी जाती है,उस राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है, इसलिये अब
इसका विरोध सड़क पर उतर कर किया जाएगा।


प्रदेश में जंगलराज-
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए श्री भूरिया ने कहा कि
हत्या,लूट और बलात्कार में मप्र देश में नम्बर वन हो गया है। लोग घरों से
निकलने में डरने लगे हैं। सात साल के भाजपा के शासन ने आम आदमी की कमर तोड़
दी है।


31 मई से आंदोलन- श्री भूरिया ने आरोप लगाया कि
भाजपा और विद्युत नियामक आयोग की मिलीभगत चल रही है, जिससे बिजली की दरों
में मनमानी वृद्धि की गई है।


इसे लेकर प्रदेश व्यापी आंदोलन का शंखनाद 31 मई को शहडोल से किया जाएगा और वृद्धि वापस होने पर ही आंदोलन खत्म होगा।


कांग्रेस में गुटबाजी नहीं-
कांग्रेस में गुटबाजी संबंधी प्रश्न पर श्री भूरिया ने कहा कि ऐसा कुछ
नहीं है,हर परिवार में थोड़ी खटा-पिटी तो होती ही है। हाल ही में कांग्रेस
के सभी वरिष्ठ नेताओं की बैठक भोपाल में हुई,सभी एक हैं तो फिर
कार्यकर्ताओं में गुटबाजी कैसे हो सकती है। पूरी कांग्रेस मिशन 2013 में
जुट गई है।


स्वाद नहीं बिगाड़ूंगा- पत्रवार्ता में
उपस्थित नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल से जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की
टिप्पणी के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रभात झा के विषय में
बात करके मैं अपने मुंह का स्वाद नहीं बिगाड़ना चाहता। वे बिहार से हैं और
जल्द ही वापस भी चले जाएंगे।


श्री भूरिया ने भी कहा कि प्रभात झा ओछी मानसिकता वाले हैं, उनके विषय में क्या बात करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *