‘आदर्श’ की पोल खोलने वाले पर जानलेवा हमला

जानकारियां
हासिल करने वाले कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी
क्रम में आदर्श घोटाले की पोल खोलने वाले आर टी आई कार्यकर्ता संतोष
दौंड़कर पर शनिवार की देर रात कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया।




इस हमले में वे बाल-बाल बच गए लेकिन मामूली चोटें आई हैं। नागपाड़ा पुलिस
स्टेशन में घुस कर उन्होंने किसी तरह जान बचाई। आदर्श घोटाले का खुलासा
करने वाले दौंड़कर पर तीसरी बार जानलेवा हमला हुआ है। उन्होंने बताया कि वे
समाजसेविका मेधा पाटकर से मिलने गोलीबार जा रहे थे कि अचानक कुछ लोगों ने
घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया। दौंडकर के मुताबिक हमलावरों ने कहा कि वे
केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख, प्रकाश आजगांवकर और रमाकांत जाधव के
पहचान वाले हैं।




नागपाड़ा पुलिस स्टेशन और मनपा उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। हमसे दुश्मनी
मोल लेना महंगा पड़ेगा। दौंड़कर ने मनपा वार्ड अधिकारी चौरे, डॉ.रीता
भंडारकर, प्रकाश आजगांवकर और रमाकांत जाधव के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज
कराया है। दौंड़कर ने इस हमले के पीछे गोलीबार के शिवालिक बिल्डर का हाथ
होने की भी संभावना जताई है। पुलिस ने इस मामले में डेनियल अब्राहम नामक
आरोपी को हिरासत में लिया है और आगे की छानबीन कर रही है। दूसरी ओर
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने घटना की निंदा की है और आरटीआई
कार्यकर्ताओं पर बढ़ रही हमले की घटनाओं पर चिंता जताई है।




मुख्यमंत्री ने कहा है कि वे इस मामले में जानकारी हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनसूचना का अधिकार का उपयोग कर आरटीआई कार्यकर्ता कई
घोटालों को सामने ला रहे हैं। उन पर हो रहे हमलों को बर्दास्त नहीं किया
जाएगा। हमलावरों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इधर पुलिस इस बात का भी पता
लगा रही है कि कहीं दौंड़कर पर हमला आदर्श घोटाले से जुड़े आरोपियों ने तो
नहीं करवाया? आदर्श घोटाले में सीबीआई ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण
सहित 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनके अलावा कई मंत्रियों और
अफसरों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। आदर्श मामले में तत्कालीन
मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख और सुशील कुमार शिंदे का नाम भी उछल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *