लाल टमाटर भी कर रहा लाल

जालंधर।
तड़के के राजा प्याज के साथ टमाटर की भी अहमीयत कम नहीं है। प्याज के दाम
भले ही कुछ कम हुए हैं, लेकिन लाल टमाटर तड़के का अभी भी दुश्मन बन रहा है।
2-3 रुपए किलो बिकने वाले टमाटर की कीमतें आसमां छू रही हैं। यही टमाटर
होलसेल में ही 30 रुपए प्रति किलो में बिक रहा है, जबकि रीटेल में टमाटर 50
रुपए प्रति किलो से कम नहीं है।




प्याज के अलावा टमाटर भी नासिक से ही आ रहा है। टमाटर पर भी बारिश का असर
हुआ है। इसके दामों में अगले माह तक कमी आने की संभावना है। क्योंकि जनवरी
माह में टमाटर की लोकल फसल आनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद शिमला का टमाटर
मंडी में आ जाएगा, जिससे कीमतें 10 रुपए किलो तक भी जा सकती हैं।




पाकिस्तानी प्याज आने के बाद प्याज की कीमतों में भारी गिरवाट आई है। 50
रुपए प्रति किलो होलसेल में बिकने वाला प्याज, शुक्रवार को 35 रुपए तक
बिका। जबकि पाकिस्तान का प्याज 42 रुपए से घटकर 25 रुपए तक बिक रहा है।




गुजराती प्याज पर टिकी आस


प्याज की कीमतों में जल्द ही भारी कमी होने की आस है। क्योंकि जनवरी 2011
तक गुजरात का प्याज मंडी में आ जाएगा। इस प्याज के आने के बाद मंडी में
प्याज पुराने दाम में बिकेगा और आम लोगों की जेब में समा सकेगा।




आलू सहित सब्जियां मंदी


प्याज और टमाटर को छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी सब्जियां मंदी की मार झेल रही
हैं और लोगों की जेब में आसानी से समा रही हैं। फसलों का राजा आलू मंडियों
और परचून की दुकानों पर 4 से 5 रुपए प्रति किलो मिल रहा है। जबकि 50 रुपए
से महंगा बिकने वाला मटर भी 15 से 18 रुपए तक बिक रहा है। गोभी भी 12 रुपए
में उपलब्ध है। गाजर, पालक की गुच्छी और मेथी 5 से 15 रुपए के हिसाब से
लोगों को मिल पा रही है। मूली की कीमत मात्र 2 रुपए प्रति किलो है। हालांकि
खीरा 35 रुपए प्रति किलो तक मिल रहा है। शिमला मिर्च 30 रुपए तक बिक रही
है। यह शिमला मिर्च कसौली से आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *