भोपाल.
भाजपा सरकार की वादा खिलाफियों से खफा भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों
की आज मंत्रालय में संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा से आधा घंटा चर्चा
हुई। बैठक के बाद संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने कहा कि 50
मांगों पर सरकार ने आज ही आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने
किसानों पर लाठीचार्ज किया है, खाना उठाकर तालाब में फेंका है। ऐसे पुलिस
वालों पर मामला दर्ज करने के बाद भी हम तय करेंगे कि आंदोलन स्थगित करना है
या नहीं, करना है तो उसका तरीका क्या होगा।
आधा घंटा चली चर्चा: सरकार
ने सोमवार को गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता को आंदोलन खत्म कराने किसान संघ
से चर्चा की कमान सौंपी थी। इस चर्चा की नाकामी के बाद आज संसदीय
कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई। दोपहर करीब 12 बजे जैसे
ही कैबिनेट बैठक खत्म हुई। भाकिसं प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा और डेढ़
दर्जन अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिश्रा की आधा घंटे चर्चा हुई।
इसके बाद मंत्री ने भास्कर को बताया कि आंदोलन समाप्त होने की उम्मीद बनी
है। जबकि शर्मा ने कहा कि हम आंदोलन स्थगित करेंगे, लेकिन इसका तरीका क्या
होगा, यह हम हमारी टोली अर्थात प्रदेश कार्यकारिणी में तय करेंगे। किसानों
पर लाठीचार्ज से नाराज शर्मा ने कहा कि ऐसे पुलिस वालों के खिलाफ सख्त
कार्रवाई होने के बाद ही हम तय करेंगे कि आंदोलन खत्म होगा या नहीं।
किसानों के ये प्रतिनिधि करीब सवा बजे धरना स्थल पर रवाना हुए। इधर संसदीय
कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी वहां पहुंचने वाले हैं।