बेंगलुर। बेंगलुर में भिखारियों के राहत केंद्र में रह रहे एक और
व्यक्ति की अस्पताल से उसे वापस लाए जाने के दौरान मंगलवार को मौत हो गई।
इस मौत के बाद सरकारी केंद्र में बीते एक सप्ताह में मरने वालों की संख्या
बढ़कर 27 हो गई।
सामाजिक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव वेंकटेशैया ने कहा, ‘केंद्र से एक
सप्ताह पहले भागे भिखारी की तब मौत हो गई जब उसे एक वाहन में वापस लाया जा
रहा था।’
पुलिस ने कहा कि बीते एक सप्ताह में 600 से अधिक भिखारी भाग गए ,
क्योंकि उन्हें केंद्र में बुरी तरह पीटा गया था। केंद्र की खराब स्थिति के
चलते सरकार की आलोचना की जा रही है। यहां रखे गए 26 भिखारियों की बीते छह
दिन में मौत हुई है।
वेंकटेशैया ने कहा कि सरकार ने केंद्र में स्थिति में सुधार के लिए कई
कदम उठाए हैं। यह राज्य का ऐसा सबसे बड़ा केंद्र है जहां करीब 2,500
भिखारियों को रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘सफाई अभियान के साथ ही चिकित्सा
व्यवस्था को भी मजबूत बनाया गया है। इसके लिए नियमित आधार पर अधिक
चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञों सहित अन्य
विशेषज्ञों को भी मरीजों की जरूरत के आधार पर मुहैया कराया गया है।