गुवाहाटी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने इलेक्ट्रानिक
मीडिया की खिंचाई करते हुए शनिवार को कहा कि वे घटनाओं को बढ़ा चढ़ाकर पेश
करते हैं और सरकार की विकासपरक गतिविधियों को कोई प्राथमिकता नहीं देते
हैं।
आजाद ने कहा, ‘बीस साल पहले हमारे पास केवल एक इलेक्ट्रानिक चैनल था-
दूरदर्शन। आज हमारे पास 100 चैनल हैं। इस चीज से कोई भी चैनल बचा नहीं है
और जहां भी देखिए हम पाएंगे कि कौन सी अभिनेत्री किससे शादी कर रही है।
किसी घटना को बहुत ज्यादा अतिरंजित करके पेश करते हैं। यही उनकी प्रमुख खबर
होती है।’
आजाद ने यहां एक संगोष्ठी में कहा, ‘देश के सौ चैनलों में विकास को
प्राथमिकता नहीं दी जाती। जो बात हमें सबसे ज्यादा अखरती है वह है कि हम
सरकार की उपलब्धियां जनता को नहीं बता पाते हैं।’ उन्होंने बताया कि
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार ने पिछले पांच सालों में भारत निर्माण
पर बड़ी संख्या में धन खर्च किया है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि चैनलों
ने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा है। चैनलों को देखकर लगता है कि देश जल रहा
है और यहां गुंडाराज है।