पूर्व की ओर बढ़ा मानसून, बिहार में बारिश

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून शुक्रवार को थोड़ा आगे बढ़ा और बिहार
में बारिश हुई, लेकिन संभावना व्यक्त की जा रही है कि मानसून उत्तर-पश्चिम
भारत के विभिन्न हिस्सों में अगले सप्ताह तक ही पहुंच पाएगा।

मानसून को लखनऊ के करीब पहुंचना था लेकिन यह पिछले कई दिन से मध्य भारत
में अटका हुआ है। राष्ट्रीय जलवायु केंद्र, पुणे के निदेशक डी शिवानंद राय
ने बताया कि मानसून थोड़ा पीछे चल रहा है और अगले दो से तीन दिन में बारिश
के जोर पकड़ने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 18 जून तक देश में जितनी सामान्य बारिश होनी चाहिए,
उसकी तुलना में 97 फीसदी बारिश हुई है। साथ ही इस समय तक मध्य और
उत्तर-पूर्वी भारत में पर्याप्त बारिश हुई है।

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि अगले सप्ताह तक मानसून के जोर पकड़ने की
संभावना है जिससे देश के उत्तर-पश्चिमी भाग में मौसमी बारिश में तेजी आएगी।
मौसम विभाग ने इस दौरान कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, गुजरात, मध्य
महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में सोमवार तक बारिश और तेज बौछारों की संभावना
व्यक्त की है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कल तक जम्मू-कश्मीर में बारिश हो
सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *