पटना/ रांची। भूकंप के झटकों ने शनिवार की देर रात बिहार व झारखंड के
लोगों की नींद में खलल डाली। पटना में पहला झटका लगभग एक बजे के आसपास आया
और इसके लगभग 15 सेकेंड बाद दूसरा झटका महसूस किया गया। जबकि रांची में
पहला झटका एक बजे और दूसरा झटका दस मिनट बाद महसूस किया गया।
भूकंप की तीव्रता काफी कम होने के कारण अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी
नहीं हो सकी। हालांकि कुछ लोगों ने अखबार के दफ्तर में फोन कर जानकारी लेनी
चाही। पटना के शिवपुरी निवासी राजनंदन यादव, काजीपुर मोहल्ला निवासी
सुखदेव शर्मा, कंकड़बाग निवासी रामजी चौरसिया के अलावा और कई लोगों ने दैनिक
जागरण कार्यालय में फोन कर बेड व कुर्सी हिलने की शिकायत की। हालांकि
स्थानीय मौसम विभाग से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर रांची में लालपुर के यशोदा इंक्लेव से राजीव ने हकीकत की जानकारी
लेनी चाही। उन्होंने बताया कि अचानक पलंग हिलने का अनुभव हुआ। करीब दस मिनट
बाद फिर ऐसा ही हुआ तो वे लोग चौंके। इसके बाद असलियत जानने को दैनिक
जागरण के दफ्तर में फोन किया। तब तक कई फोन कॉल और आ चुके थे। लोग भूकंप के
बारे में ही पूछ रहे थे। बता दें कि इससे पहले भी दो दफे भूकंप की अफवाह
को लेकर रांची सड़क पर उतर आई थी।